Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

हथियार के बल पर लूट मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, 5.50 लाख बरामद

August 11, 2026

हथियार के बल पर लूट मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, 5.50 लाख बरामद

कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र पुलिस ने सेक्टर-7 में हथियार के बल पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल निवासी जिला पानीपत, साहिल निवासी जिला सोनीपत, प्रिंस निवासी जिला पानीपत और अंश जैन उर्फ लाला निवासी जिला सोनीपत के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के कुशल मार्गदर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-1 और अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीमों ने इस मामले की जांच करते आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह एक ब्लाइंड लूट की वारदात थी, जिसमें आरोपियों ने कोई स्पष्ट सुराग नहीं छोड़ा था। वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी और आरोपियों ने घर में लगे कैमरों को भी तोड़ दिया था। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के माध्यम से वारदात का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में बताया कि 7 अगस्त को सेक्टर-7 निवासी अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार वह करीब 30 वर्षों से वकालत कर रहे हैं और उनकी दोनों बेटियां विवाहित हैं।

वह अपनी पत्नी के साथ घर में अकेले रहते हैं। 6 अगस्त की रात करीब साढ़े 9 बजे वह खाना खाने के बाद अपने कुत्ते को घुमाने के लिए गली में गए थे। करीब 10 बजे जब वह वापस घर आए तो उन्होंने बाहर के गेट को अंदर से लॉक कर दिया और घर का दरवाजा बंद कर अपने कमरे की ओर चले गए। उन्होंने देखा कि दो युवकों ने उनकी पत्नी को बंधक बना रखा था। जब उन्होंने पत्नी को छुड़ाने का प्रयास किया तो दो अन्य युवक भी वहां आ गए। उन्हें भी काबू कर लिया। इनमें से दो आरोपियों के हाथ में पिस्तौल थी।

आरोपियों ने हथियार के बल पर शिकायतकर्ता को धमकाते तिजोरी में रखा सारा नकद और जेवरात निकालकर देने के लिए कहा। उन्होंने तिजोरियों में रखी नकदी, सोने-चांदी के पारिवारिक जेवरात, बर्तन, मूर्तियां और अन्य कीमती सामान आरोपियों को सौंप दिया। आरोपी लूट के सामान को कपड़े के थैले में डालकर फरार हो गए। जाते समय आरोपी शिकायतकर्ता की लाइसेंसी रिवॉल्वर की गोलियां भी अपने साथ ले गए। आरोपियों ने घर में लगे डीवीआर और चार कैमरों को तोड़ दिया तथा पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस जांच के दौरान 10 अगस्त को अपराध अन्वेषण शाखा-1 और अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कमल, साहिल, प्रिंस और अंश जैन उर्फ लाला को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों से 5.50 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश किया है। मामले में आरोपियों से और पूछताछ के लिए अदालत के आदेशानुसार पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी इससे पहले इसी घर में हुई चोरी की घटना में भी शामिल रहा है। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने अपराधियों को चेतावनी देते कहा कि जिले में अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें