गन्नौर : श्रावण के पवित्र महीने में हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर गन्नौर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की उत्तर प्रदेश के शामली जिले में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गन्नौर के शास्त्री नगर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक कुणाल मलिक पुत्र विनोद मलिक शास्त्री नगर, लहरी सिंह पार्क के नजदीक का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार कुणाल अपने साथियों के साथ हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर गन्नौर लौट रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे उनकी टोली उत्तर प्रदेश के शामली जिले में गांव बनत के पास पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में कुणाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ चल रहे अक्षय नामक युवक को हल्की चोटें आईं। घायल अक्षय को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
12वीं कक्षा का छात्र था कुणाल
कुणाल मलिक प्रयास इंटरनेशनल स्कूल, गन्नौर में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। परिजनों के अनुसार वह दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है। कुणाल के पिता विनोद मलिक दिल्ली विश्वविद्यालय में लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत हैं।
परिजनों ने बताया कि करीब 25 वर्ष पहले परिवार भांवर गांव से गन्नौर के शास्त्री नगर में आकर रहने लगा था। कुणाल पढ़ाई के साथ-साथ धार्मिक गतिविधियों में भी रुचि रखता था और इस बार अपने साथियों के साथ डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था।
परिवार शामली रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही कुणाल के परिजन पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए शामली रवाना हो गए। पोस्टमार्टम के बाद शव को गन्नौर लाया गया , जहां परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया किया गया । कुणाल की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं शास्त्री नगर और गन्नौर में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
करीब 12 घंटे पहले इंस्टा पर डाली थी पोस्ट
इंस्टाग्राम पर करीब 12 घंटे पहले कुणाल अपने साथियों संग एक रील पोस्ट की थी जिसमें वह वह बाइक चला रहा है और उसका साथी मोबाइल पर उसके अन्य साथियों के साथ वीडियो बना रहा है जिसे कुणाल ने 12 घंटे पहले इंस्टा पर पोस्ट किया था और उसके महज घंटों बाद कुणाल की एक्सीडेंट में मौत हो गई ।
मेष: दिन शुभ रहेगा...