Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुल्लू में 14 अगस्त से होगा मानसून सॉकर फेस्ट, आठ जिलों की 14 टीमें लेंगी हिस्सा

August 12, 2026

कुल्लू में 14 अगस्त से होगा मानसून सॉकर फेस्ट, आठ जिलों की 14 टीमें लेंगी हिस्सा

कुल्लू: जिला मुख्यालय स्थित ढालपुर खेल मैदान में 14 से 16 अगस्त तक मानसून सॉकर फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के आठ जिलों की 14 फुटबॉल टीमें हिस्सा लेंगी। खास बात यह रहेगी कि 45 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ खिलाड़ियों की टीम भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।

जिला कुल्लू फुटबॉल संघ के महासचिव पवन ठाकुर ने बताया कि संघ की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। इसी कड़ी में इस वर्ष ढालपुर मैदान में मानसून सॉकर फेस्ट करवाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच मिलने के साथ जिले में फुटबॉल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। पवन ठाकुर ने कहा कि भविष्य में लड़कियों के लिए भी विशेष फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित करने की योजना है, ताकि महिला खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके।

उन्होंने ढालपुर खेल मैदान की व्यवस्थाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि मैदान के नियमित रखरखाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था और बजट का अभाव है। मैदान की स्थिति बेहतर नहीं होने से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

फुटबॉल संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ढालपुर खेल मैदान के रखरखाव और मरम्मत के लिए उचित बजट उपलब्ध कराया जाए तथा खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मैदान की नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए। संघ का कहना है कि बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से कुल्लू के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें