Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

धर्मपुर में 22 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित

August 12, 2026

धर्मपुर में 22 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित

धर्मपुर: धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विधायक चंद्रशेखर ने आज मिनी सचिवालय धर्मपुर में ग्रामीण विकास विभाग के खंड विकास कार्यालय द्वारा क्षेत्र की 22 पंचायतों के बीपीएल परिवारों के लिए आयोजित एक दिवसीय जागरूकता शिविर में भाग लिया।

शिविर का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया से अवगत करवाना रहा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से पहुंचे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। अधिकारियों ने लाभार्थियों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को भी सुना और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में कई बार पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे जागरूकता शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में उपलब्ध करवाएं तथा पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करें।

उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित आठ चरणों में धर्मपुर क्षेत्र की 22 पंचायतों से कुल 2170 बीपीएल परिवारों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि जो पात्र परिवार अब तक इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए जल्द ही नौवां चरण शुरू किया जाएगा। छूटे हुए पात्र परिवार अपने आवेदन पत्र संबंधित पंचायत सचिव के पास जमा करवाकर इस प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। शिविर में धर्मपुर क्षेत्र की 22 पंचायतों से पहुंचे बीपीएल परिवारों के लाभार्थियों के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

📍 Location: कुल्लू (Kullu)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें