
मोगा: जिले के गांव नूरपुर हकीमा में जागरण के दौरान मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया।
थाना धर्मकोट पुलिस ने शिकायत के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। थाना धर्मकोट के जांच अधिकारी थानेदार इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में सुखचैन सिंह उर्फ चैनी पुत्र मलकीत सिंह निवासी गांव चक्क तारेवाला ने आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी सिमरनजीत कौर और दोस्त शुभप्रीत सिंह के साथ गांव नूरपुर हकीमा में आयोजित जागरण में माथा टेकने के लिए रिश्तेदारी में गया था। इसी दौरान किसी मामूली बात को लेकर उसकी कुछ लोगों के साथ बहसबाजी हो गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बहसबाजी के बाद शालू पुत्र पूना सिंह, जशनप्रीत सिंह उर्फ लहरी पुत्र जोरा सिंह, सतनाम सिंह उर्फ सत्ता पुत्र कैला सिंह, निशान सिंह पुत्र मेशा सिंह, लव पुत्र कालू सिंह निवासी दौलेवाला मायर, जीता निवासी मदारपुर, गुरप्रीत सिंह उर्फ दाना पुत्र जैला सिंह तथा कालू पुत्र कैला सिंह निवासी नूरपुर हकीमा ने कथित तौर पर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सुखचैन सिंह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा ले जाया गया।
थानेदार इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने सुखचैन सिंह के बयान के आधार पर उक्त आठों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
📍 Location: धर्मकोट
मेष: दिन शुभ रहेगा...