Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेब सीजन 2026 की तैयारी तेज, HPMC के CA स्टोर्स में किसानों के लिए 20% जगह रिजर्व

August 13, 2026

सेब सीजन 2026 की तैयारी तेज, HPMC के CA स्टोर्स में किसानों के लिए 20% जगह रिजर्व

मंडी: हिमाचल प्रदेश बागवानी उपज विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सीमित (HPMC) ने आगामी सेब सीजन 2026 के लिए नियंत्रित वातावरण भंडारों (सीए स्टोर्स) में सेब भंडारण की दरें तय कर दी हैं। किसानों और उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कुल क्षमता का 20 प्रतिशत हिस्सा विशेष रूप से राज्य के किसानों के लिए आरक्षित किया गया है।

निगम के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि बिना क्रेट/बॉक्स के भंडारण दरें 1.60 रुपए प्रति किलो प्रति माह और क्रेट/बॉक्स सहित 1.70 रुपए प्रति किलो प्रति माह निर्धारित की गई हैं। उन्होंने बताया कि एचपीएमसी ने कुछ सुविधाओं को किराए पर भी दिया है, जिनमें जड़ोल-टिक्कर और रिकांगपिओ (मेसर्स अदानी एग्रीफ्रेश लिमिटेड), रोहड़ू (मेसर्स एएनजीडी फ्रूट रैंच प्रा. लि.), ओड्डी (मेसर्स पीजी ट्रेडर्स) और कटलोग-चच्योट (मेसर्स ग्रीन लीफ कोकोस) शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जिला शिमला में जड़ोल टिक्कर में कुल भंडारण क्षमता 2062 मीट्रिक टन है, जिसमें से 412 मीट्रिक टन किसानों के लिए आरक्षित है। इसी प्रकार जिला किन्नौर में रिकांगपिओ में कुल 250 मीट्रिक टन क्षमता में से 50 मीट्रिक टन आरक्षित, शिमला जिला के रोहड़ू में 2020 मीट्रिक टन में से 404 मीट्रिक टन आरक्षित, ओड्डी में कुल 700 मीट्रिक टन में से 140 मीट्रिक टन आरक्षित, मंडी जिला के कटलोग (चच्योट) में 500 मीट्रिक टन में से 100 मीट्रिक टन आरक्षित तथा शिमला जिला के गुम्मा में एचपीएमसी के स्टोर में कुल 2017 मीट्रिक टन में संपूर्ण क्षमता किसानों के लिए उपलब्ध रहेगी।

प्रवक्ता ने बताया कि बुकिंग की अंतिम तिथि 15 सितम्बर, 2026 निर्धारित की गई है। लॉक-इन अवधि चार महीने की होगी और बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी। इच्छुक किसान ऑनलाइन माध्यम से http://www.hpmc.in पर या संबंधित एचपीएमसी शाखा कार्यालयों में आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने बागवानों से अनुरोध किया है कि वे समय रहते आवेदन प्रस्तुत करें ताकि उन्हें आरक्षित स्थान का लाभ मिल सके।

📍 Location: Mandi (Mandi)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें