Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

केंद्र की वित्तीय मदद पर राजनीति कर रही हिमाचल सरकार: जयराम ठाकुर

October 4, 2026

केंद्र की वित्तीय मदद पर राजनीति कर रही हिमाचल सरकार: जयराम ठाकुर

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वर्तमान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार के भरपूर सहयोग से ही आज राज्य में विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुंह से एक भी शब्द आभार का आज तक नहीं निकला। हमीरपुर से जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जहां भी जा रहे हैं, वहां केंद्र सरकार से मिली सौगातों और बजटीय सहायता के सहारे ही अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों के निर्माण, रखरखाव और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए अरबों रुपए की वित्तीय मदद सीधे केंद्र सरकार से मिली है, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री ने आज दिन तक आभार का एक शब्द भी अपने मुंह से नहीं निकाला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में जहां भी सड़कों के उद्घाटन या शिलान्यास किए जा रहे हैं, उन सभी परियोजनाओं का बजट केंद्र से ही स्वीकृत हुआ है, जिससे भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है परंतु मुख्यमंत्री को उदारतापूर्वक मिल रही इस केंद्रीय सहायता के लिए केंद्र सरकार का धन्यवाद करना चाहिए।

राज्य सरकार की वित्तीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की हालत इतनी दयनीय हो चुकी है कि वह धर्मशाला केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए आवश्यक 30 करोड़ की राशि और रेलवे प्रोजेक्ट्स के लिए अपना 10 प्रतिशत का अंशदान तक दे पाने में पूरी तरह असमर्थ साबित हो रही है।

पिछले चार वर्षों से सड़कों की खस्ताहाल स्थिति का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं थी और अब केंद्र से मिल रहे फंड की बदौलत ही इनका सही ढंग से रखरखाव और सुधार कार्य शुरू हो पाया है। आज पूरे प्रदेश में फोरलेन सड़कों का नेटवर्क बिछाया जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय निवासियों को सुगम, सुरक्षित और सरल यातायात सुविधा मिल रही है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी सफर काफी आरामदायक हो गया है।

इसी का परिणाम है कि हाल के दिनों में रिकॉर्ड संख्या में पर्यटक हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय कारोबारियों को भारी लाभ हुआ है और राज्य सरकार को भी आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हुई अपनी हालिया मुलाकात का उल्लेख करते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री ने हिमाचल में चल रही सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा स्थानीय लोगों को आ रही समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

जयराम ठाकुर ने यह भी जोड़ा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का जो व्यापक जाल बिछ रहा है, वह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की वजह से ही संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के दावों पर नजर डालें तो सरकार द्वारा 232.93 करोड़ रुपये की लागत से कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देने की बात कही जा रही है। इन परियोजनाओं में शत प्रतिशत पैसा केंद्र से मिला है।

उनका आरोप है कि इन सभी बुनियादी ढांचागत कार्यों का मुख्य आधार केंद्र से मिलने वाली बजटीय सहायता ही है लेकिन मुख्यमंत्री की राजनीति सिर्फ़ शिलान्यास करने तक सीमित है। शिमला संसदीय क्षेत्र के भाजपा सांसद सुरेश कश्यप के माध्यम से इन सड़क परियोजनाओं को केंद्र से स्वीकृति मिली है जिस पर कांग्रेसी राजनीति कर रहे हैं।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें