Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

भुट्टीको में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस

August 15, 2026

भुट्टीको में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस Independence Day celebrated at Bhuttico : कुल्लू। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर भुट्टीको परिसर में राष्ट्रीय पर्व धूमधाम से मनाया गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोहित ठाकुर ने तिरंगा फहराकर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। कार्यक्रम में बुनकरों के बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि संस्था की प्रगति और बुनकर परिवारों के हितों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण बातें साझा की गईं।

मेरिनो वूल महंगा, फिर भी ग्राहकों को राहत देने की कोशिश

रोहित ठाकुर ने उपस्थित सभी कर्मचारियों एवं बुनकरों से आह्वान किया कि हमें मिल-जुलकर कड़ी मेहनत, लगन और ईमानदारी से कार्य करना है, ताकि भुट्टीको दिन-रात निरंतर प्रगति करता रहे और संस्था से जुड़े बुनकर परिवारों का भविष्य और अधिक मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भुट्टीको की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाने के लिए गुणवत्ता, नवाचार और ग्राहक संतुष्टि पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मेरिनो वूल के रेट में लगभग 60 से 70 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। इसके बावजूद सभा द्वारा अपने ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उत्पादों के दामों में न्यूनतम संभव वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बढ़ी हुई लागत का अधिक प्रभाव ग्राहकों पर न पड़े और उन्हें उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध होते रहें। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शीघ्र ही सभा द्वारा अपने सदस्यों में से नए कर्मचारियों की नियुक्ति तथा वर्तमान में रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे संस्था के कार्यों को और गति मिलेगी तथा सदस्यों को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर भुट्टीको के अध्यक्ष श्री सत्य प्रकाश ठाकुर जी का संदेश भी सभी को पढ़कर सुनाया गया, जिसमें उन्होंने देश, प्रदेश व जिले के सभी बुनकरों तथा अन्य लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भुट्टीको ने बुनकरों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और भविष्य में भी बुनकरों एवं ग्राहकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाएगा, जिससे हथकरघा उद्योग को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें