ओएनजीसी में स्वतंत्र निदेशक बनीं डॉ. अर्चना ठाकुर
August 16, 2026
Dr. Archana appointed Director at ONGC : कुल्लू। डॉ. अर्चना ठाकुर को प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी में स्वतंत्र निदेशक की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए सम्मान और गौरव का विषय है और वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से संस्था तथा राष्ट्रहित में अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी।
डॉ. अर्चना ने जताया आभार
डॉ. अर्चना ठाकुर ने कहा कि ओएनजीसी जैसी देश की प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण संस्था में स्वतंत्र निदेशक के रूप में जिम्मेदारी मिलना उनके लिए अत्यंत सम्मान और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि वह इस महत्वपूर्ण दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने का हरसंभव प्रयास करेंगी तथा संस्था और राष्ट्रहित में अपने अनुभव एवं क्षमताओं का सर्वोत्तम उपयोग करेंगी। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अमित सूद सहित भाजपा के समस्त केंद्रीय, प्रदेश एवं जिला नेतृत्व एवं कुल्लू की समस्त जनता का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ प्रतिभा और योग्यता को अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से कुल्लू जैसे क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को केवल व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं, बल्कि जिला कुल्लू और हिमाचल प्रदेश की जनता के विश्वास और सम्मान से जुड़ी जिम्मेदारी के रूप में देखती हैं। उनका प्रयास रहेगा कि ओएनजीसी के विकास, पारदर्शी कार्यप्रणाली, सुशासन और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में वह प्रभावी योगदान दे सकें।