Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘Awarapan-2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले सप्ताह में 84.31 करोड़ पार हुई कमाई

August 17, 2026

‘Awarapan-2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले सप्ताह में 84.31 करोड़ पार हुई कमाई

नई दिल्ली: इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म ‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए भारत में पहले सप्ताहांत में कुल 84.31 करोड़ रुपये की कमाई की है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म का अनुमानित वैश्विक कारोबार 120.86 करोड़ रुपये रहा।

इस एक्शन ड्रामा फिल्म ने शुक्रवार को रिलीज के पहले दिन 23.40 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ने 34.09 करोड़ रुपये, जबकि तीसरे दिन रविवार को 26.82 करोड़ रुपये जुटाए।

फिल्म निर्माताओं द्वारा जारी बयान के मुताबिक, फिल्म ने विदेशों में अनुमानित 1.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी करीब 18 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही फिल्म का दुनियाभर में कुल कारोबार 120.86 करोड़ रुपये पहुंच गया। ‘आवारापन 2’ ने 2026 में अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने वाले शुरुआती सप्ताहांत के मामले में तीसरा स्थान हासिल किया है। इससे आगे ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और ‘बॉर्डर 2’ हैं।

फिल्म में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो 2007 में आई फिल्म ‘आवारापन’ का प्रमुख किरदार है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसकी पटकथा बिलाल सिद्दीकी और विशेष भट्ट ने लिखी है। फिल्म में दिशा पटानी, शबाना आजमी, पूरन गब्बी, सुविंदर विक्की और अनिरुद्ध रावल भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

‘आवारापन 2’ को मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स ने प्रस्तुत किया है। विशेष भट्ट इसके निर्माता हैं, जबकि दीपेश शाह और सनमन सूद सह-निर्माता हैं। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी पहली ‘आवारापन’ उस समय बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सकी थी, लेकिन बाद में अपनी प्रभावशाली कहानी, भावुक संगीत और हाशमी के दमदार अभिनय के कारण इसने एक शानदार फिल्म का दर्जा हासिल कर लिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें