132 families benefit from irrigation in Phaltan : कुल्लू। हाट क्षेत्र के किसानों को अब सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी। जायका के सहयोग से 75.05 लाख रुपये की लागत से तैयार फलटनाला वहाव सिंचाई योजना किसानों को समर्पित कर दी गई है। इस योजना से 37.15 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी और 132 किसान परिवार लाभान्वित होंगे।
योजना का निर्माण निर्धारित समयावधि में पूरा किया गया है। इस अवसर पर उप परियोजना निदेशक डॉ. राजेश ठाकुर, जिला परियोजना प्रबंधक मंडी डॉ. हेम राज वर्मा, खंड परियोजना प्रबंधक कुल्लू डॉ. जयंत रत्ना, परियोजना प्रबंधन सलाहकार से पोस्ट-हार्वेस्ट विशेषज्ञ डॉ. नरदेव ठाकुर एवं संस्थागत विकास विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. ठाकुर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बलजीत सिंह संधु ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और सामूहिक प्रयासों को अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि कुल्लू जिले में शीघ्र ही नर्सरी पौधों के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसके माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, आधुनिक नर्सरी तकनीक, उन्नत उत्पादन विधियों तथा तकनीकी मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सिंचाई जल की उपलब्धता खेती के लिए बड़ी चुनौती है। जायका परियोजना के माध्यम से सिंचाई ढांचे के विकास के साथ किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण तथा बाजार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कृषक विकास संघ की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसान सामूहिक रूप से सिंचाई योजना के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कृषक विकास संघ के सदस्यों को प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने, जल संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा योजना के नियमित रखरखाव को सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही किसानों को कोल्ड स्टोर स्थापित करने और किसान उत्पादक संगठन गठित करने के लिए भी प्रेरित किया।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...