Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

फरीदकोट से तीन तीर्थयात्रा बसों को विधायक गुरदित सिंह सेखों ने किया रवाना

August 25, 2026

फरीदकोट से तीन तीर्थयात्रा बसों को विधायक गुरदित सिंह सेखों ने किया रवाना

फरीदकोट: पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत फरीदकोट से तीन बसों को तीर्थयात्रियों के लिए रवाना किया गया। फरीदकोट के विधायक गुरदित सिंह सेखों ने किला मुबारक स्थित हनुमान मंदिर, टीला बाबा फरीद के समीप आयोजित कार्यक्रम में इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

विधायक सेखों ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना प्रदेश के लोगों की धार्मिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बिना किसी आर्थिक परेशानी के धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर मिल सके।

उन्होंने बताया कि इन तीन बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को अलग-अलग धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। यात्राओं में सालासर से खाटू श्याम, हरिद्वार से ऋषिकेश तथा मथुरा से वृंदावन के धार्मिक स्थल शामिल हैं।

सेखों ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन, ठहरने और लंगर सहित जरूरी व्यवस्थाएं सरकार की ओर से की जा रही हैं। इससे यात्रियों को बिना आर्थिक बोझ के धार्मिक यात्रा पूरी करने में सहायता मिलेगी।

बसों की रवानगी के मौके पर श्रद्धालुओं ने पंजाब सरकार और विधायक गुरदित सिंह सेखों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से उन्हें प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का बेहतर अवसर मिल रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें