Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

रोहड़ू क्षेत्र में दो स्कूली छात्रों की पब्बर नदी में डूबने से हुई मौत

August 27, 2026

रोहड़ू क्षेत्र में दो स्कूली छात्रों की पब्बर नदी में डूबने से हुई मौत

रोहड़ू : रोहड़ू क्षेत्र में दो स्कूली छात्रों की पब्बर नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान शिवेन और लक्ष्य के रूप में हुई है। दोनों छात्र प्लस-टू कक्षा में पढ़ते थे। दोनों के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने नदी क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। जानकारी के अनुसार, दोनों छात्रों के परिजनों ने देर रात पुलिस थाना पहुंचकर उनके लापता होने की सूचना दी थी।

इसके बाद पुलिस टीमों के साथ स्थानीय लोगों ने नदी क्षेत्र में तलाश शुरू की। सर्च ऑपरेशन के दौरान नदी किनारे से कुछ कपड़े और जूते बरामद हुए, जिनकी पहचान परिजनों ने बच्चों के सामान के रूप में की। रात के समय अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान में काफी दिक्कतें आईं। सुबह होते ही पुलिस और प्रशासन की टीमों ने दोबारा बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

नदी के दोनों किनारों पर टीमें तैनात की गईं और स्थानीय लोगों की मदद से नदी किनारे आगे तक तलाश की गई। नदी के तेज बहाव को देखते हुए इस संभावना को भी ध्यान में रखा गया कि यदि दोनों छात्र पानी में बह गए हैं, तो वे बहाव के साथ आगे किसी अन्य स्थान तक पहुंच सकते हैं।

इसी के चलते नदी किनारे डैम क्षेत्र की ओर भी तलाशी अभियान चलाया गया। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान एक छात्र का शव स्थानीय तैराक ने खोज निकाला, जबकि दूसरे छात्र का शव एनडीआरएफ की टीम ने बरामद किया।

दोनों शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रोमौत्रा ने दोनों छात्रों के शव बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें