
जालंधर : राखी के त्यौहार पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 1.37 लाख ‘सत्कार सखियों’ को 52.20 करोड़ रुपए की सम्मान राशि ट्रांसफर कर ‘भाई’ का फर्ज निभाया। इसके साथ ही उन्होंने पूरे पंजाब की महिलाओं तक ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ पहुंचाने में सत्कार सखियों के अथक योगदान की भरपूर सराहना की। मुख्यमंत्री ने गोइंदवाल साहिब में ‘सत्कार सखी सम्मान समारोह’ में वर्चुअल रूप से शिरकत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्कार सखियों के प्रयासों की बदौलत ही इस योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हो सका है और योग्य लाभार्थियों के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचना सुनिश्चित हुआ है। इस पहल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ रुपए पहले ही ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
उनकी सरकार ने इस योजना से 1 करोड़ महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है, जबकि सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे, जिससे वे इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि 100 रुपए प्रति पंजीकरण के हिसाब से 52.20 करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दृढ़ रहेगी और जब तक पंजाब में आप सरकार है, ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ बंद नहीं होगी।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्रियों अमन अरोड़ा, हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने पंजाब की तरक्की और लोगों की खुशहाली के लिए भगवंत सिंह मान सरकार द्वारा किए गए कई लोक-पक्षीय उपक्रमों पर रोशनी डाली। इस मौके पर आप पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. अमनदीप कौर, विधायक डॉ. जीवनजोत कौर, विधायक इंद्रजीत कौर भी मौजूद थीं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...