
बठिंडा: डिप्टी कमिश्नर बठिंडा राजेश धीमान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब सरकार के रोजगार उत्पत्ति एवं प्रशिक्षण विभाग के संस्थान सी-पाइट कैंप, गांव कालझराणी (बादल-बठिंडा रोड) द्वारा PSSSB में क्लर्क या ग्रुप-डी पदों पर भर्ती के इच्छुक युवाओं के लिए नि:शुल्क प्री-ट्रेनिंग कैंप 1 सितंबर से शुरू किया जा रहा है।
अनुभवी स्टाफ करवाएगा लिखित परीक्षा की तैयारी
इस संबंध में जानकारी देते हुए कैप्टन लखविंदर सिंह, प्रशिक्षण अधिकारी, सी-पाइट कैंप कालझराणी ने बताया कि जिला बठिंडा, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का के वे युवा, जिन्होंने PSSSB में क्लर्क या ग्रुप-डी पदों के लिए आवेदन किया है, वे कैंप में पहुंचकर लिखित परीक्षा की नि:शुल्क तैयारी का लाभ उठा सकते हैं। इन पदों के लिए 7 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। लिखित परीक्षा की तैयारी अनुभवी स्टाफ द्वारा करवाई जाएगी।
31 अगस्त से शुरू होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि उक्त जिलों के इच्छुक युवा 31 अगस्त से किसी भी कार्य दिवस सुबह 9 बजे व्यक्तिगत रूप से सी-पाइट कैंप, गांव कालझराणी, जिला बठिंडा में पहुंचकर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन के समय युवाओं को दसवीं, बारहवीं और उच्च योग्यता के प्रमाणपत्रों की फोटो कॉपियां, भर्ती के लिए ऑनलाइन भरे गए आवेदन फॉर्म और एडमिट कार्ड की फोटो कॉपी, आधार कार्ड की फोटो कॉपी, जाति प्रमाणपत्र एवं निवास प्रमाणपत्र की फोटो कॉपियां तथा दो हालिया पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।
पंजाब पुलिस फिजिकल टेस्ट की भी तैयारी
इसके अलावा सी-पाइट कैंप में पंजाब पुलिस के फिजिकल टेस्ट की तैयारी भी करवाई जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार युवाओं को भोजन और आवास की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
इच्छुक युवा अधिक जानकारी के लिए 94641-52013, 94638-41615 और 98722-74085 पर संपर्क कर सकते हैं।
📍 Location: Bathinda
मेष: दिन शुभ रहेगा...