Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

विजय सांपला को फिर SIT का समन, 2 सितंबर को चंडीगढ़ में पेश होने को कहा

August 29, 2026

विजय सांपला को फिर SIT का समन, 2 सितंबर को चंडीगढ़ में पेश होने को कहा

होशियारपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला को बहिबल कलां गोलीकांड मामले में एक बार फिर एसआईटी की ओर से समन भेजा गया है। एसआईटी ने उन्हें 2 सितंबर को चंडीगढ़ में पेश होने के लिए कहा है।

समन देने के लिए थाना मॉडल टाउन के प्रभारी बलजिंदर सिंह विजय सांपला के होशियारपुर स्थित निवास पर पहुंचे। हालांकि, विजय सांपला ने 2 सितंबर को एसआईटी के सामने पेश होने में असमर्थता जताई है। सांपला ने अपने पार्टी कार्यक्रमों का हवाला देते हुए लिखित रूप में एसआईटी से 3 सितंबर को पेश होने का समय मांगा है।

विजय सांपला का कहना है कि एसआईटी की ओर से उन्हें लगातार समन भेजे जा रहे हैं, लेकिन मामले से जुड़े जरूरी दस्तावेज उन्हें उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे। उन्होंने एसआईटी से मांग की है कि उन्हें संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वह उनका अध्ययन कर अपना जवाब दे सकें।

सांपला ने कहा कि बहिबल कलां गोलीकांड से उनका और भाजपा का दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल उनका समय खराब कर रही है। सांपला ने स्पष्ट किया कि वह 3 सितंबर को एसआईटी के सामने पेश होंगे और वहां दस्तावेज उपलब्ध करवाने की मांग भी करेंगे।

वहीं, थाना मॉडल टाउन प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि एसआईटी की ओर से विजय सांपला के नाम समन प्राप्त हुए थे, जिन्हें देने के लिए वह उनके निवास पर पहुंचे थे। समन में 2 सितंबर को चंडीगढ़ में पेश होने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि विजय सांपला ने पार्टी कार्यक्रमों का हवाला देते हुए 2 सितंबर को पेश होने में असमर्थता जताई है। इस संबंध में मिली जानकारी को आगे एसआईटी तक पहुंचा दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें