
जालंधर: श्री पंचवटी मंदिर धर्मशाला गौशाला कमेटी, मेन बाजार बस्ती गुजां और भारत विकास परिषद जालंधर दक्षिण के संयुक्त प्रयास से छह जरूरतमंद जोड़ों का विवाह समारोह श्री पंचवटी मंदिर धर्मशाला गौशाला के वातानुकूलित हॉल में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने दोनों संस्थाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग देना और नवदंपतियों को गृहस्थी का सामान उपलब्ध करवाना सराहनीय समाजसेवा है। ऐसे प्रयासों से परिवारों को आर्थिक सहारा मिलता है और नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत करने में मदद मिलती है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
समारोह के दौरान छह नवविवाहित जोड़ों को डबल बेड, गद्दे, बेडशीट, कंबल, बर्तनों के सेट, सीलिंग फैन, प्रेस और अलमारी सहित घरेलू उपयोग का आवश्यक सामान भेंट किया गया। इसके अलावा दूल्हा-दुल्हन को गर्म स्वेटर, लड़की को सूट व साड़ियां तथा लड़के को पैंट और रेडीमेड शर्ट भी दी गईं।
कार्यक्रम श्री पंचवटी मंदिर धर्मशाला गौशाला कमेटी के प्रधान लक्की मल्होत्रा और भारत विकास परिषद जालंधर दक्षिण के प्रधान एडवोकेट चंद्र मोहन शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर डॉ. राजेश मनन, रमेश विज, दविंदर अरोड़ा, सतनाम अरोड़ा, रवि महाजन, नवीन गोस्वामी, के.एल. अरोड़ा, अशोक सारंगल, चमन लाल सारंगल, अशोक अरोड़ा, यशपाल सिंगला और अरुण ओबेरॉय सहित दोनों संस्थाओं के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।
📍 Location: जालंधर बस्ती पूजा (जालंधर)