Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्विट्जरलैंड में रेव पार्टी के दौरान चली गोलियां, 1 की मौत, 5 लोग घायल

August 30, 2026

स्विट्जरलैंड में रेव पार्टी के दौरान चली गोलियां, 1 की मौत, 5 लोग घायल

बर्न: स्विट्जरलैंड का आरौ रविवार तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक रेव पार्टी को निशाना बनाया गया। इस वारदात में एक शख्स की मौत हो गई जबकि 5 घायल हो गए। गोलीबारी की घटना आरौ के शाचेन इलाके में रात करीब 2:30 बजे (स्थानीय समय) हुई। स्विट्जरलैंड के अखबार ‘ब्लिक’ की रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी के बाद पुलिस ने हॉर्स रेसिंग ट्रैक के पास घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है।

आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने गोलीबारी की घटना में हताहतों की पुष्टि की है। पुलिस ने कहा, “शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आराऊ के शाचेन इलाके में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।” पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और शहर के केंद्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने एक्स पोस्ट में कहा, “हॉर्स रेसिंग ट्रैक, स्विमिंग पूल और स्पोर्ट्स फील्ड के आसपास के इलाके की बड़े पैमाने पर घेराबंदी की गई है।

पुलिस लोगों से इस इलाके से दूर रहने को कह रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस आरौ के बाहर भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।” पुलिस ने आगे कहा, “बड़े पुलिस ऑपरेशन के कारण, आरौ स्विमिंग पूल अगली सूचना तक बंद रहेगा। लोगों से अनुरोध है कि वे शाचेन से दूर रहें।” ‘ब्लिक’ की रिपोर्ट के अनुसार, आर्गौ कैंटोनल पुलिस की मीडिया प्रवक्ता वैनेसा रम्पोल्ड ने कहा कि गोलीबारी हॉर्स रेसिंग ट्रैक पर हुई और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या हुआ था।

पुलिस ने पुष्टि की है कि लोगों के एक बड़े समूह ने कई राउंड फायरिंग की। आर्गौ कैंटोनल डिजास्टर रिस्पॉन्स यूनिट (केकेई) और सेना का सुपर पूमा हेलीकॉप्टर भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। आर्गौ कैंटोनल पुलिस ने एक्स पर कहा, “अज्ञात हमलावर की तलाश जारी है। अपराध के संभावित मकसद और घटना के सही हालात अभी स्पष्ट नहीं हैं। आर्गौ कैंटोनल पुलिस भारी बल के साथ तैनात है और उसने जांच शुरू कर दी है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें