Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा-कोटकपूरा रोड पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, CCTV में कैद हुई घटना

August 31, 2026

मोगा-कोटकपूरा रोड पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, CCTV में कैद हुई घटना

मोगा: मोगा-कोटकपूरा रोड पर देर रात तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। हादसे की पूरी घटना सड़क किनारे लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मोगा के बेअंत नगर निवासी सिरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिरा पेंटिंग का काम करता था और अभी अविवाहित था। परिवार के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले तक वह घर में ही मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद देर रात करीब 10 बजे परिवार को सूचना मिली कि सड़क हादसे में सिरा की मौत हो गई है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि CCTV फुटेज में हादसे के समय मोटरसाइकिल पर दो लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सड़क पर जा रहे कैंटर की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सवार सिरा गंभीर रूप से हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं उसके साथ मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा व्यक्ति हादसे में बाल-बाल बच गया। CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस द्वारा हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

 

साथ ही हादसे में शामिल कैंटर और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।मृतक की भाभी सोमा रानी ने बताया कि सिरा परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। वह परिवार की बुजुर्ग माता का सहारा था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है।

परिजनों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने और परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की है। वहीं थाना सिटी साउथ के SHO वरुण कुमार ने बताया कि परिवार की ओर से फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के फैसले और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से संबंधित तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें