
मोगा। बुट्टर कलां बाईपास पर देर रात वाशरूम के लिए सड़क किनारे कार रोकना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पीछे से आई काले रंग की थार में सवार दो युवकों ने उसकी स्विफ्ट कार के आगे गाड़ी रोक दी। थार से उतरे एक युवक ने पिस्तौल तानकर कार की चाबी मांगी। कार में 15 वर्षीय बेटी के साथ मौजूद पिता ने जान का खतरा भांपते हुए चाबी बदमाश को सौंप दी।
इसके बाद बदमाश स्विफ्ट कार लेकर बरनाला की ओर फरार हो गया, जबकि उसका साथी थार लेकर वहां से निकल गया। वारदात की सूचना मिलते ही थाना बंधनी कलां पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए पुलिस मुख्य मार्गों और बाईपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
थाना बंधनी कलां के एएसआई वरिंदर कुमार ने बताया कि डाला निवासी और वर्तमान में जीरा रोड स्थित भाई हिम्मत सिंह नगर मोगा निवासी पूरन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अगस्त की रात वह अपनी स्विफ्ट कार में अपनी 15 वर्षीय बेटी हरजोत कौर के साथ ससुराल गांव रसूलपुर से वापस मोगा की तरफ आ रहा था। वह बरनाला रोड होते हुए बुट्टर कलां बाईपास के पास पहुंचा। रात करीब छह बजे से 11:59 बजे के बीच उसने वाशरूम जाने के लिए कार सड़क किनारे रोक दी।
इसी दौरान पीछे से काले रंग की थार वहां पहुंची और उसकी कार के आगे आकर रुक गई। थार में सवार दो युवकों में से एक पिस्तौल लेकर नीचे उतरा। उसने हथियार दिखाकर पूरन सिंह से कार की चाबी मांग ली। पिस्तौल सामने देखकर पूरन सिंह ने विरोध करने के बजाय चाबी आरोपी को सौंप दी। इसके बाद युवक उसकी स्विफ्ट कार लेकर बरनाला साहिब की तरफ फरार हो गया, जबकि उसका साथी थार लेकर वहां से निकल गया।
पूरन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक ऑपरेटर है और मोगा ट्रक यूनियन में उसके ट्रक चलते हैं। वारदात के बाद उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बदमाश स्विफ्ट कार लेकर किस रास्ते से बरनाला की तरफ गए, इसकी जांच की जा रही है। मुख्य मार्गों, बाईपास और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि थार और स्विफ्ट की आवाजाही से जुड़े फुटेज मिलने पर आरोपितों की पहचान हो सकेगी। पुलिस जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर छीनी गई कार बरामद करने का प्रयास कर रही है।
📍 Location: बंधनी कलां