Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मोगा पहुंचेगी ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की मशाल, 4 को भव्य स्वागत

September 3, 2026

मोगा पहुंचेगी ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ की मशाल, 4 को भव्य स्वागत The ‘Khedan Watan Punjab Diyan’ torch will reach Moga : मोगा। पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। खेलों का मशाल मार्च 4 सितंबर को फरीदकोट से मोगा पहुंचेगा, जहां जिला प्रशासन खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी में इसका जोरदार स्वागत करेगा। मशाल मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए गोदेवाला इंडोर स्टेडियम पहुंचेगा। वहीं, 5 सितंबर को मशाल गांव थराज से होते हुए बठिंडा के लिए रवाना होगी। मोगा में 9 से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तरीय खेलों का आयोजन किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ का मशाल मार्च 4 सितंबर को फरीदकोट से मोगा जिले में प्रवेश करेगा। उन्होंने बताया कि मशाल मार्च समालसर से होते हुए बाघापुराना, जोगिंदर सिंह चौक और भूपिंदरा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के रास्ते गोदेवाला इंडोर स्टेडियम, मोगा पहुंचेगा। यहां खिलाड़ियों, युवाओं, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों की उपस्थिति में मशाल का पूरे मान-सम्मान और जोश-खरोश के साथ स्वागत किया जाएगा। 5 सितंबर को गोदेवाला इंडोर स्टेडियम, मोगा से मशाल मार्च गांव थराज के लिए रवाना होगा, जहां से इसके बाद मशाल को जिला बठिंडा के लिए रवाना किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ की मशाल पंजाब की खेल भावना, जोश, अनुशासन, एकता और युवा शक्ति का प्रतीक है। ऐसे खेल आयोजन प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ खेलों को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। डिप्टी कमिश्नर ने जिले के खिलाड़ियों को ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का निमंत्रण देते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और जीत का जज्बा पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि इन खेलों में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। खिलाड़ी sports.punjab.gov.in के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं और खिलाड़ियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रजिस्ट्रेशन करवाकर इन खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लें। उन्होंने बताया कि मोगा जिले में 9 से 18 सितंबर तक ब्लॉक स्तरीय खेलें आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन द्वारा इन खेलों को सफल बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं और युवाओं को खेल मैदानों से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें