Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे PM मोदी, कॉलेज की विरासत और योगदान की तारीफ की

September 5, 2026

SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे PM मोदी, कॉलेज की विरासत और योगदान की तारीफ की

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम शाम 7 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह से पहले प्रधानमंत्री ने कॉलेज की लंबे समय से चली आ रही शैक्षणिक विरासत और देश के विकास में उसके योगदान की तारीफ की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि वह थोड़ी देर बाद SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज ने पिछले कई वर्षों में शैक्षणिक उत्कृष्टता, संस्थान निर्माण और अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व तैयार करने के लिए अपनी खास पहचान बनाई है।

PM मोदी ने कहा कि SRCC ने बिजनेस, सार्वजनिक जीवन और समाज के लिए कई पीढ़ियों के प्रतिभाशाली लोगों को तैयार किया है। उनके मुताबिक, कॉलेज की पहचान केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने देश और समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

टीचर्स डे पर हो रहा है शताब्दी समारोह

SRCC का शताब्दी समारोह 5 सितंबर यानी टीचर्स डे के दिन आयोजित हो रहा है। ऐसे में यह कार्यक्रम और भी खास हो जाता है। इस मौके पर देश में शिक्षकों के योगदान को याद किया जाता है और यह माना जाता है कि शिक्षक नई पीढ़ियों को तैयार करने और समाज की मजबूत नींव बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Gen Z छात्रों से संवाद की उम्मीद

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान कॉलेज के Gen Z छात्रों के साथ सीधा संवाद भी हो सकता है। इस दौरान छात्रों को प्रधानमंत्री के सामने अपने विचार, उम्मीदें और चिंताएं रखने का अवसर मिल सकता है।

1926 में हुई थी SRCC की शुरुआत

दिल्ली यूनिवर्सिटी का श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में गिना जाता है। खास तौर पर कॉमर्स, इकोनॉमिक्स और मैनेजमेंट की पढ़ाई के लिए इसकी अलग पहचान है। कॉलेज की शुरुआत मशहूर उद्योगपति और समाजसेवी सर श्री राम ने 1926 में की थी।

करीब एक सदी के सफर में SRCC ने बड़ी संख्या में स्कॉलर्स, प्रोफेशनल्स, प्रशासकों, उद्यमियों, नीति-निर्माताओं और देश के निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को तैयार किया है। शताब्दी समारोह के जरिए कॉलेज अपनी इस लंबी शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों को याद कर रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री का छात्रों के बीच पहुंचना इस कार्यक्रम को और महत्वपूर्ण बना रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें