Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

शमी की मेहनत और जोश के कायल हुए ईशान किशन, बोले- टीम इंडिया में वापसी की भूख साफ दिखती

September 5, 2026

शमी की मेहनत और जोश के कायल हुए ईशान किशन, बोले- टीम इंडिया में वापसी की भूख साफ दिखती

खेल डेस्क: लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने ईशान किशन की जमकर प्रशंसा की है। ईशान के अनुसार, शमी के अंदर टीम इंडिया में वापसी करने की भूख और प्रेरणा साफतौर पर नजर आती है।

शमी घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। शमी ने 2025 की शुरुआत में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद से कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है और घरेलू स्तर पर सभी फॉर्मेट में खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें किसी भी स्क्वाड में नहीं चुना गया है।

हालांकि, दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की कप्तानी संभाल रहे ईशान किशन का मानना है कि शमी के अंदर भारतीय टीम में वापसी करने को लेकर वही जोश और ऊर्जा है और वह टीम में कमबैक की इच्छा रखते हैं। शमी दलीप ट्रॉफी में ईशान की कप्तानी में ईस्ट जोन की तरफ से खेल रहे हैं।

साउथ जोन के खिलाफ फाइनल मुकाबले से पहले ईशान ने कहा, “मेरे हिसाब से उम्र सिर्फ एक नंबर है।” उन्होंने बताया कि 36 साल के शमी मैदान पर काफी जोश और मेहनत के साथ खेलते हैं और उनके अंदर भारतीय टीम में वापसी करने की मजबूत इच्छा दिखाई देती है। ईशान के अनुसार, शमी का रवैया और घरेलू क्रिकेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन यह साबित करते हैं कि वह अभी भी भारत के लिए खेलना चाहते हैं और टीम में वापसी के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।

ईशान ने आगे कहा, “वह कड़ी मेहनत के साथ-साथ अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमारी टीम में उनके होने से हमें थोड़ा और आत्मविश्वास मिलता है, खासकर जब आपकी टीम में ऐसे गेंदबाज हों जो आपको विकेट दिला सकें। इस सीजन में शमी को देखें तो उनका जोश और उनकी एनर्जी बहुत अलग रही है।”

ईशान ने इस बात पर जोर दिया कि शमी नेशनल सिलेक्टर की योजनाओं में शामिल न होने के बावजूद घरेलू टीमों के लिए खेलने के लिए मोटिवेटेड हैं। उन्होंने कहा, “वर्ल्ड कप 2023 (जब वह शानदार फॉर्म में थे) को तीन साल हो गए हैं, जब आप रेगुलर तौर पर भारतीय टीम के लिए नहीं खेल रहे होते हैं तो यह मुश्किल होता है, और घरेलू मैचों के लिए फिर से वही मोटिवेशन बनाए रखना भी कठिन होता है। हालांकि, मुझे लगता है कि मैं उनके अंदर वह भूख देख सकता हूं क्योंकि अभी भूख के बारे में मुझसे बेहतर कौन समझ सकता है?”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि उनमें अभी वह भूख और मोटिवेशन है। वह वापसी करना चाहते हैं और फिर से भारतीय स्क्वाड का हिस्सा बनना चाहते हैं। यह आप उनमें तब देख सकते हैं जब वह मेरी मदद करने की कोशिश करते हैं, या जब मैं टीम की कप्तानी कर रहा होता हूं। वह मेरे पास आते हैं और मुझे बताते हैं कि अभी क्या किया जा सकता है।”

शमी घरेलू स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 16.72 के औसत से 37 विकेट लिए और बंगाल के लिए दूसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 में शमी बंगाल के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने सात पारियों में 16 विकेट लिए। इसके साथ ही 50 ओवर के टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में भी उन्होंने 7 मुकाबलों में 15 विकेट निकाले थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें