Last Updated: November 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

धारूहेड़ा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, डेयरी फार्म में शव दबाने का मामला

September 9, 2026

धारूहेड़ा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, डेयरी फार्म में शव दबाने का मामला

रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में धारूहेड़ा थाना पुलिस ने गांव भटसाना में हुए एक सनसनीखेज ‘ब्लाइंड मर्डर’ की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल दिशा-निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस वारदात का पर्दाफाश किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान योगेश उर्फ गोलू (निवासी मोहल्ला सैय्यद कॉलोनी, बास रोड, धारूहेड़ा) के रूप में हुई है।

डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने बताया कि 6 सितंबर को भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म में जमीन में शव दबे होने की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराई। गड्ढे से एक युवक का शव बरामद हुआ, जिसे छिपाने और गलाने की नीयत से नमक व मिट्टी डाली गई थी।शव की शिनाख्त निसार (28 वर्ष), निवासी गांव दमदमा (जिला खैरथल-तिजारा, राजस्थान) के रूप में हुई।

निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए निकला था और वापस नहीं लौटा। मृतक के पिता जमील ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य पर लाठी-डंडों व लात-घूसों से बेरहमी से पीटकर हत्या करने और गौरव के डेयरी फार्म में शव दबाने का आरोप लगाया। चोरी के शक में ली जान पूछताछ में आरोपी योगेश ने स्वीकार किया कि 5-6 सितंबर की भोर में उन्होंने निसार को चोरी के संदेह में पकड़ा था।

आरोपियों ने उसकी बुरी तरह पिटाई की, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही निसार की मौत हो गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को गड्ढे में दबा दिया गया। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें