
ढाका: बांग्लादेश के चट्टोग्राम में सैन्य अभ्यास के दौरान एक टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बुधवार को चट्टोग्राम के हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में हुई।
बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टोरेट (ISPR) के मुताबिक, सेना के जवान फील्ड फायरिंग अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान एक टैंक में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव दल को तुरंत सक्रिय किया गया।
हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में दो जवान टैंक पर नजर आते हैं। कुछ ही देर बाद टैंक में अचानक जोरदार विस्फोट होता है और वह धुएं से घिर जाता है। दूसरे वीडियो में कई जवान घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य करते दिखाई दे रहे हैं।
Bangladesh Army’s Chinese-origin Type 59 tank reportedly exploded during a firing exercise, killing 2 crew members and injuring an officer.
Made in China. Used in Bangladesh. Deadly outcome. pic.twitter.com/Gn0FRx5ul4
— Shadow IND (@ShadowIND_IN) September 9, 2026
रिपोर्ट के मुताबिक, विस्फोट के समय टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की मौत हो गई। वहीं, बांग्लादेश सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए हेलिकॉप्टर से ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाया गया।
हादसे में शामिल टैंक को चीन में विकसित Type 59 बताया जा रहा है। यह टैंक बांग्लादेश की सेना के इस्तेमाल में है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि टैंक में विस्फोट किस वजह से हुआ।
घटना के बाद बांग्लादेश सेना ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि विस्फोट तकनीकी खराबी, गोला-बारूद से जुड़ी समस्या या किसी अन्य कारण से हुआ। ISPR ने कहा है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।