
मोगा: गणेश चतुर्थी के त्योहार और आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर फूड सेफ्टी विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया के दिशा-निर्देशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह की अगुवाई में फूड सेफ्टी टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में हलवाई की दुकानों, डेयरी और दूध से बने खाद्य पदार्थ बेचने वाली इकाइयों की जांच की। इस दौरान पनीर और खोए के कुल 10 सैंपल लेकर जांच के लिए सरकारी फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी भेजे गए।
फूड सेफ्टी टीम द्वारा टुडीके, चूड़चक्क, मेन बाजार मोगा, कोटकपूरा रोड, गांधी रोड, फिरोजपुर रोड सहित विभिन्न इलाकों में स्थित डेयरियों और हलवाई की दुकानों की जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान दूध, पनीर, खोया, मिठाइयों और अन्य दूध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट या घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि जांच के दौरान लिए गए सभी सैंपल सरकारी प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। लैबोरेटरी रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी खाद्य पदार्थ का सैंपल निर्धारित मापदंडों पर खरा नहीं उतरता या उसमें मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले किसी भी कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा। डेयरी मालिकों और हलवाइयों को साफ-सफाई रखने, उच्च गुणवत्ता वाला कच्चा माल इस्तेमाल करने, केवल मंजूरशुदा फूड कलर का प्रयोग करने तथा कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को अलग रखने की हिदायत दी गई है। त्योहारों के दौरान चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय साफ-सफाई, गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट का ध्यान रखें तथा मिलावट की शिकायत होने पर विभाग को सूचित करें।
📍 Location: मोगा
मेष: दिन शुभ रहेगा...