Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

वैस्ट इंडीज के खिलाफ वनडे शृंखला के लिए हार्दिक और पंत को मिल सकता है मौका

September 16, 2026

वैस्ट इंडीज के खिलाफ वनडे शृंखला के लिए हार्दिक और पंत को मिल सकता है मौका

नई दिल्ली : भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति जब वैस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय और टी-20 मैचों की शृंखला के लिए टीम का चयन करेगी तो ऋषभ पंत और फिट होकर लौटे हार्दिक पंड्या को शामिल किए जाने की संभावना पर मुख्य रूप से चर्चा होगी। भारत वैस्ट इंडीज के खिलाफ 3 वन डे और 5 टी-20 मैच खेलेगा। टी-20 मैचों की शुरुआत 6 अक्तूबर से होगी और पूरी संभावना है कि इसके लिए वही टीम चुनी जाएगी जो एशियाई खेलों में भाग लेगी, लेकिन अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति को 50 ओवर के प्रारूप के लिए टीम का चयन करते समय माथापच्ची करनी पड़ सकती है।

पंड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर को निर्धारित है क्योंकि उन्हें पहले ही 6 अक्तूबर से पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ भारत ए की 3 मैचों की वन डे शृंखला के लिए चुना जा चुका है। वैस्ट इंडीज के खिलाफ वन डे मैचों की शुरुआत 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में होगी और यह चयन समिति को तय करना होगा कि क्या पंड्या वन डे में 10 ओवर गेंदबाजी करने और 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार हैं या नहीं, अगर पंड्या उपलब्ध नहीं होते हैं तो चयन समिति के लिए तेज गेंदबाजी ऑलराऊंडरों की समस्या बन जाएगी।

दूसरा विकल्प नीतीश कुमार रैड्डी वन डे सीरीज के दौरान एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए जापान में होंगे। तीसरे और चौथे विकल्प सूर्यांश शेडगे और वेंकटेश अय्यर फिलहाल चोटिल हैं। ईशान किशन के जापान में होने के कारण ऋषभ पंत को 15 सदस्यीय टीम में मौका मिल सकता है। उनका चयन होने पर भी केएल राहुल वन डे विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद रहेंगे। श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में राहुल को वन डे टीम का उप कप्तान भी नियुक्त किया जा सकता है। अगर पंत को मौका नहीं मिलता है तो चयनकर्ता ध्रुव जुरेल को चुन सकते हैं।

ऐसे में पंत को ईरानी कप में शेष भारत की कप्तानी करने को कहा जा सकता है। अय्यर के एशियाई खेलों में शामिल होने के कारण कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा और विराट कोहली के बाद रुतुराज गायकवाड़ को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका मिल सकता है। यशस्वी जायसवाल रिजर्व ओपनर होंगे, जबकि मध्य क्रम के रिजर्व बल्लेबाज रजत पाटीदार होंगे। रविंद्र जडेजा को वापस टीम में बुलाया जा सकता है क्योंकि हर्ष दुबे हाल ही में दलीप ट्रॉफी सैमीफाइनल मैच के दौरान चोटिल हो गए थे।

मानव सुथार के नाम पर भी विचार किया जा सकता है। अक्षर एशियाई खेलों में खेलेंगे। मोहम्मद सिराज इंग्लैंड दौरे के लिए वनडे टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उनकी वापसी होने की संभावना है। तेज गेंदबाजी विभाग में गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव पिछली सीरीज का हिस्सा थे। जसप्रीत बुमराह एशियाई खेलों में व्यस्त होने से उपलब्ध नहीं होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें