MS Subbulakshmi Jayanti: भारत रत्न से सम्मानित महान शास्त्रीय गायिका एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी की जयंती के अवसर पर बुधवार को देश के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उनकी संगीत साधना और भारतीय कला-संस्कृति में योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी आवाज के माध्यम से भारतीय संगीत को दुनियाभर में पहचान दिलाई।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की गौरवशाली हस्ती बताते हुए अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी महान गायिका को याद करते हुए कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि सुब्बुलक्ष्मी की संगीत साधना को संगीत प्रेमी हमेशा याद करते रहेंगे और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक रहेगा।
ये भी पढे़ं :–https://dainiksaveratimes.com/entertainment/chahat-khanna-rohit-roy-tv-statement-reaction/
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी जयंती पर उन्हें नमन करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अपनी मधुर और प्रभावशाली आवाज के जरिए सुब्बुलक्ष्मी ने भारतीय संगीत और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि एम. एस. सुब्बुलक्ष्मी ने अपना जीवन संगीत साधना के लिए समर्पित किया। उनके अनुसार, सुब्बुलक्ष्मी के स्वरों में भक्ति, समर्पण और भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई देती थी। संगीत के क्षेत्र में उनका योगदान देश की सांस्कृतिक विरासत को हमेशा समृद्ध करता रहेगा।
भाजपा नेता डॉ. हर्षवर्धन ने भी महान गायिका को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अपनी विशिष्ट आवाज और वर्षों की साधना से सुब्बुलक्ष्मी ने भारतीय शास्त्रीय और भक्ति संगीत को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके कला के प्रति समर्पण और संगीत साधना को संगीत प्रेमी तथा आने वाली पीढ़ियां लंबे समय तक याद रखेंगी।