Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

एचआईवी-एड्स जागरूकता के लिए शिमला में जिला स्तरीय रेड रन मैराथन

September 20, 2026

एचआईवी-एड्स जागरूकता के लिए शिमला में जिला स्तरीय रेड रन मैराथन

शिमला। शिमला में रविवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला शिमला की ओर से युवा उत्सव गतिविधियों के तहत जिला स्तरीय रेड रन मैराथन का आयोजन किया गया। एचआईवी/एड्स के प्रति युवाओं को जागरूक करने और इसके बचाव एवं रोकथाम को लेकर समाज में सही जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मैराथन का शुभारंभ रविवार सुबह 7 बजे चौड़ा मैदान से हुआ। प्रतिभागियों ने चौड़ा मैदान से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, समरहिल तक दौड़ लगाई और इसके बाद वापस चौड़ा मैदान पहुंचे। जिला स्तरीय आयोजन में कुल 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 40 लड़के और 40 लड़कियां शामिल रहीं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि रेड रन मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स से बचाव और रोकथाम के लिए सही जानकारी का प्रसार बेहद जरूरी है। युवाओं के माध्यम से जागरूकता का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सकता है।

मैराथन के लड़कों की श्रेणी में राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज कोटशेरा के विद्यार्थियों ने तीनों स्थान हासिल किए। जतिन ने प्रथम, देव ने द्वितीय और राम कृष्ण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लड़कियों की श्रेणी में राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला की विद्यार्थियों का दबदबा रहा। अनामिका ने प्रथम, बिपाशा ने द्वितीय और कुसुम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

आयोजकों ने कहा कि मैराथन में विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने जागरूकता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दौड़ के माध्यम से युवाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव, रोकथाम और इससे जुड़ी सही जानकारी के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी, जिला शिमला डॉ. तहसीन भी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें