Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

47.3 किलो हेरोइन के साथ सीमा पार तस्करी नेटवर्क के 4 गुर्गे गिरफ्तार

September 20, 2026

47.3 किलो हेरोइन के साथ सीमा पार तस्करी नेटवर्क के 4 गुर्गे गिरफ्तार 47.3 Kg Heroin Seized, Four Arrested  : फरीदकोट। पंजाब पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के तहत फरीदकोट में सीमा पार तस्करी नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, तीन .30 बोर पिस्तौल, तीन मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल होंडा सिटी और हुंडई ऑरा कारें भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी फाजिल्का और फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन के जरिए पहुंचाई जाने वाली हेरोइन और हथियारों की खेप हासिल कर आगे सप्लाई करते थे। डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अंकुश निवासी घुबाया (फिरोजपुर), मंगल सिंह निवासी पंजे के उतार (फिरोजपुर), सचिन उर्फ संजू निवासी परभात सिंह वाला (फिरोजपुर) और अनमोल सिंह निवासी लामोचर खुर्द (फिरोजपुर) के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा, पुलिस टीमों ने तस्करी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली उनकी दो कारें – एक होंडा सिटी और एक हुंडई ऑरा – भी जब्त कर ली हैं। डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल एक नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस विशाल नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है। कार्रवाई संबंधी विवरण साझा करते हुए सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एस.एस.पी.) गुरबंस सिंह बैंस ने कहा कि निकट भविष्य में आने वाले बाबा फरीद आगमन पर्व के मद्देनजर की गई विशेष नाकाबंदी के दौरान, सी.आई.ए. फरीदकोट की टीम ने शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को एक होंडा सिटी कार को रोका और चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने 47.3 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप सहित गैर-कानूनी हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। एस.एस.पी. ने कहा कि जांच से यह भी पता चला है कि यह गिरोह फाजिल्का और फिरोजपुर जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन और हथियारों की खेपें प्राप्त करके राज्य में आगे सप्लाई करता था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है। इस संबंध में एफआईआर नंबर 187 दिनांक 20-09-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(6) और 25(7) के तहत फरीदकोट के पुलिस थाना सादिक में मामला दर्ज किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें