Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘पंचायत’ के बिनोद उर्फ अशोक पाठक का बड़े पर्दे पर डेब्यू, ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ में दिखेगा नया अंदाज

September 25, 2026

‘पंचायत’ के बिनोद उर्फ अशोक पाठक का बड़े पर्दे पर डेब्यू, ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ में दिखेगा नया अंदाज

एंटरटेनमेंट डेस्क : प्रोड्यूसर मानसी गुप्ते अब हिंदी फीचर फिल्म प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। उनकी अपकमिंग सोशल-ड्रामा फिल्म ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ में ‘पंचायत’ फेम अशोक पाठक लीड रोल में नजर आएंगे। मानसी गुप्ते, अनीश कुमार और दुष्यंत सैंड के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म को यंत्रा पिक्चर्स और ग्लोबॉट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले तैयार किया गया है। फिल्म का निर्देशन सागर कुमार शर्मा ने किया है। खास बात ये है कि ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ की पूरी शूटिंग उत्तराखंड में एक ही शेड्यूल में पूरी की गई है।

फिल्म का टाइटल ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ अपने आप में काफी दिलचस्प और जिज्ञासा पैदा करने वाला है। मेकर्स ने कहानी को फिलहाल सीक्रेट रखा है, लेकिन फिल्म को एक जमीन से जुड़ी और किरदारों पर फोकस करने वाली सोशल-ड्रामा कहानी के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी अभी सस्पेंस बरकरार है, लेकिन माना जा रहा है कि यह फिल्म इस साल के आखिर तक सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।

फिल्म के टाइटल को लेकर प्रोड्यूसर मानसी गुप्ते कहती हैं, “रानी ड्रायक्लीनर्स मेरे लिए बेहद खास फिल्म है। इसके टाइटल में एक सादगी और जिज्ञासा दोनों हैं। जैसे-जैसे दर्शक फिल्म की दुनिया से जुड़ेंगे, उन्हें समझ आएगा कि हमारी कहानी के लिए इससे बेहतर टाइटल शायद कोई और नहीं हो सकता था।”

‘पंचायत’ में बिनोद के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अशोक पाठक इस फिल्म में बिल्कुल नए किरदार के साथ नजर आएंगे। फिल्म में ‘अपहरण’ और ‘डार्क 7 व्हाइट’ फेम मोनिका चौधरी भी एक अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की म्यूजिकल लाइन-अप भी काफी दमदार है। रेखा भारद्वाज, जावेद अली, नकाश अजीज और कैलाश खेर जैसे जाने-माने सिंगर्स ने फिल्म के गानों को अपनी आवाज दी है।

मानसी गुप्ते के लिए ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ प्रोडक्शन जर्नी का एक और खास पड़ाव है। इससे पहले वह अलग-अलग भाषाओं में कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं। साल 2024 में उन्होंने मराठी सिनेमा में ‘कलरफूल’ के साथ कदम रखा था, जिसमें सई ताम्हणकर और ललित प्रभाकर नजर आए थे। इससे पहले वह 2019 की पंजाबी फिल्म ‘जुगनी यारां दी’ और शॉर्ट फिल्म्स ‘पेनफुल प्राइड’ (2019) और ‘मैं तुम्हारा’ (2021) को को-प्रोड्यूस कर चुकी हैं। फिलहाल ‘रानी ड्रायक्लीनर्स’ पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है। आने वाले महीनों में मेकर्स फिल्म की रिलीज से जुड़ी जानकारी के साथ कहानी और बाकी डिटेल्स से भी पर्दा उठा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें