Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

LPU विवाद पर DGP गौरव यादव पहुंचे कैंपस, SIT जांच के बीच सुरक्षा कड़ी

September 28, 2026

LPU विवाद पर DGP गौरव यादव पहुंचे कैंपस, SIT जांच के बीच सुरक्षा कड़ी

लुधियाना। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद स्थिति तनावपूर्ण रही। पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT गठित की है, जबकि यूनिवर्सिटी ने आरोपों को खारिज किया है। सोमवार को DGP गौरव यादव ने कैंपस पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद LPU में 10 दिनों की छुट्टी घोषित की गई है और इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। मामले को लेकर कांग्रेस विधायक बावा हैनरी और परगट सिंह ने घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। बावा हैनरी ने कहा कि छात्रा के साथ यदि कोई अप्रिय घटना हुई है तो उसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है, लेकिन यूनिवर्सिटी में दुकानों में लूट, पेट्रोल बम से हमला, सरकारी वाहनों और मीडिया पर हमले जैसी घटनाएं भी निंदनीय हैं।

हैनरी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए SIT गठित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने गलत अफवाह फैलाई है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और यदि यूनिवर्सिटी प्रशासन की लापरवाही सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई जरूरी है। साथ ही छात्रों के गुस्से के कारणों की जांच भी होनी चाहिए। वहीं विधायक परगट सिंह ने कहा कि जब छात्रों को इंसाफ नहीं मिलता तो उनका गुस्सा सामने आता है।
उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रबंधन से छात्रों के साथ बातचीत करने की अपील की। उन्होंने पेट्रोल बम से हमला, सरकारी वाहनों और मीडिया की गाड़ियों में तोड़फोड़ को निंदनीय बताते हुए कैंपस में आए बाहरी लोगों की भूमिका की भी जांच की मांग की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें