बठिंडा: ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत बठिंडा जिले में 29 खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन मुकाबलों में जिलेभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित इन खेलों के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। प्रतियोगिता स्थलों पर पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहायता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की।
जिले में अलग-अलग खेलों के लिए विभिन्न मैदानों और शिक्षण संस्थानों को आयोजन स्थल बनाया गया है। एथलेटिक्स, कुश्ती, भारोत्तोलन और पावरलिफ्टिंग सहित कई मुकाबले स्पोर्ट्स स्कूल घुड्डा में हो रहे हैं। वहीं कबड्डी, गतका, जूडो, किकबॉक्सिंग और नेटबॉल के मुकाबले शहीद भगत सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा टेबल टेनिस, शूटिंग, बॉक्सिंग, हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी, तैराकी, क्रिकेट और टेनिस समेत अन्य खेलों के लिए भी अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं।
पहले दिन टेबल टेनिस, फेंसिंग, कबड्डी और नेटबॉल में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 लड़कियों के टेबल टेनिस में कृतिका ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि रेविका शर्मा दूसरे और जिया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-17 फेंसिंग में भी खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कबड्डी के अंडर-14 लड़कियों के मुकाबले में लहरी गांव की टीम विजेता रही। आबलू गांव ने दूसरा और कोटरा कोड़ा गांव की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 लड़कों के नेटबॉल में स्पोर्ट्स स्टेडियम बठिंडा की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। जिला खेल अधिकारी रूपिंदर सिंह बराड़ ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बठिंडा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...