Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

गेयटी में जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘सिंपैक्स-2026’ का शुभारंभ

September 30, 2026

गेयटी में जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘सिंपैक्स-2026’ का शुभारंभ

शिमला : ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में मंगलवार को डाक विभाग, शिमला मंडल की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी ‘सिंपैक्स-2026’ का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रिंसिपल अकाउंटेंट जनरल सुशील ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने शिमला मंडल की ओर से तैयार किए गए ‘सिंपैक्स-2026’ विशेष आवरण का भी विमोचन किया। प्रदर्शनी 29 और 30 सितंबर को दर्शकों एवं डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के लिए खुली रहेगी।

प्रदर्शनी में शिमला जिले के प्रतिष्ठित फिलाटेलिस्टों की ओर से संग्रहित दुर्लभ एवं ऐतिहासिक डाक टिकटों को 58 फ्रेमों में आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इन टिकटों के माध्यम से देश के इतिहास, संस्कृति, जैव-विविधता और महत्वपूर्ण घटनाओं की झलक देखने को मिल रही है। मुख्य अतिथि सुशील ठाकुर ने फिलाटेलिस्टों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि डाक टिकट महज पत्र भेजने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे किसी राष्ट्र के इतिहास, संस्कृति, जैव-विविधता और महत्वपूर्ण घटनाओं के जीवंत दस्तावेज भी हैं।

उन्होंने युवा पीढ़ी को फिलाटेली से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रदर्शनी के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। स्टैंप डिजाइन प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के करीब 120 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता में 24 विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्रवर अधीक्षक डाकघर शिमला मंडल कंचन सिंह चौहान, फिलाटेली क्लब की अध्यक्ष मेजर डॉ. रितु कालरा, उप डाक अधीक्षक देवराज, प्रवर डाकपाल मनोहर लाल सहित डाक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें