Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा: मोगा में 16 खाद्य सैंपल, एक्सपायर्ड स्प्राउट्स-मशरूम नष्ट; 40 क्रेट हेल्थ ड्रिंक सीज

September 30, 2026

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा: मोगा में 16 खाद्य सैंपल, एक्सपायर्ड स्प्राउट्स-मशरूम नष्ट; 40 क्रेट हेल्थ ड्रिंक सीज

मोगा: त्योहारी सीजन को देखते हुए आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा टीम मोगा द्वारा 28 और 29 सितंबर को जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की विशेष जांच की गई। यह कार्रवाई फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन पंजाब की कमिश्नर आईएएस कनवलप्रीत कौर बराड़ के दिशा-निर्देशों और डिप्टी कमिश्नर मोगा सागर सेतिया की अगुवाई में की गई। टीम ने खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई भी की।

मसालों के 10 सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा टीम ने फतेहगढ़ पंजतूर, फतेहगढ़ कोर्टां, धर्मकोट, कोट ईसे खां, मोगा और तत्त रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान हल्दी, लाल मिर्च, विभिन्न मसाले, काली मिर्च और साबुत मसालों सहित कुल 10 सैंपल लिए गए। सभी सैंपल निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए सरकारी फूड लैबोरेटरी भेजे गए हैं।

स्कूलों में मिड-डे मील की भी जांच
बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टीम ने दो स्कूलों की जांच की। इस दौरान मिड-डे मील से संबंधित छह सैंपल लिए गए। टीम ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, स्टोरेज, साफ-सफाई और इस्तेमाल किए जा रहे खाद्य पदार्थों की भी जांच की।

एक्सपायर्ड स्प्राउट्स व मशरूम नष्ट
गांधी रोड और राइस मार्केट में जांच के दौरान एक खाद्य प्रतिष्ठान से एक्सपायर्ड स्प्राउट्स और मशरूम बरामद हुए। मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त इन वस्तुओं को टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसी प्रतिष्ठान में बिक्री के लिए रखी गई हेल्थ एनर्जी ड्रिंक की 40 क्रेट भी खाद्य सुरक्षा टीम ने सीज कर दीं। मामले में आगे की कार्रवाई एफएसएसएआई के नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

जूस और कुकिंग ऑयल के सैंपल लिए
बंद फाटक के नजदीक स्थित एक जूस की दुकान से भी सैंपल लिया गया। इसके अलावा जलालाबाद ईस्ट स्थित एक फास्ट फूड प्रतिष्ठान की जांच की गई। वहां स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर अनहाइजीनिक कंडीशन के तहत चालान किया गया। मौके से जूस और कुकिंग ऑयल के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

अमूल बटर में फंगस की शिकायत पर सैंपल
अमूल बटर में फंगस पाए जाने संबंधी शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित बटर का सैंपल लिया और सरकारी फूड लैबोरेटरी में जांच के लिए भेज दिया। अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद परिणाम के आधार पर फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट-2006 और संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश
जिला स्वास्थ्य अधिकारी मोगा डॉ. संदीप सिंह ने खाद्य कारोबारियों को त्योहारी सीजन के दौरान प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने और एफएसएसएआई के खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थ तैयार करने के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल तथा अच्छे गुणवत्ता वाले कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल किया जाए। खाद्य सामग्री को उचित तापमान और स्वच्छ वातावरण में रखा जाए तथा एक्सपायर्ड, खराब या मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त वस्तुओं को बिक्री अथवा इस्तेमाल के लिए न रखा जाए।

उन्होंने खाद्य कारोबारियों को अपने एफएसएसएआई लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन की वैधता सुनिश्चित करने के साथ खाद्य पदार्थों की खरीद, भंडारण, तैयारी और बिक्री के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी।

लैब रिपोर्ट के आधार पर होगी अगली कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा लिए गए सभी सैंपल निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सरकारी फूड लैबोरेटरी भेजे गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, सैंपलिंग और शिकायतों पर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, लेबल, एक्सपायरी डेट, स्वच्छता और एफएसएसएआई लाइसेंस/रजिस्ट्रेशन की जांच करें। किसी संदिग्ध या घटिया खाद्य सामग्री की जानकारी स्वास्थ्य विभाग या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें