Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर फोकस, जांच के साथ मिलेगी मुफ्त चिकित्सा सुविधा

October 1, 2026

सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा पर फोकस, जांच के साथ मिलेगी मुफ्त चिकित्सा सुविधा

मोगा: नगर निगम मोगा की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया गया। कैंप का उद्देश्य कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना रहा।

कैंप के दौरान सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके अलावा कर्मचारियों के निशुल्क मेडिकल कार्ड भी बनाए जाएंगे। इन मेडिकल कार्डों के माध्यम से कर्मचारियों को भविष्य में जरूरत पड़ने पर निशुल्क दवाइयां और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होती रहेंगी। इससे कर्मचारियों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर जांच करवाने और उचित उपचार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।

नगर निगम की ओर से कहा गया कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए रोजाना मेहनत करते हैं। गर्मी, सर्दी और बरसात के मौसम में भी सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से निभाते हुए शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में उनकी सेहत और भलाई का ध्यान रखना भी जरूरी है।

अधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी उद्देश्य से मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखे जाएंगे।

नगर निगम की इस पहल से सफाई कर्मचारियों में भी खुशी देखने को मिली। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच और निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम का आभार व्यक्त किया।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें