Roll Observer Reviews SIR Process in Moga : मोगा। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा के लिए रोल ऑब्जर्वर एवं पंजाब सहकारिता विभाग की सचिव ऋतु अग्रवाल ने जिले का दूसरा विशेष दौरा किया। उन्होंने फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 समेत अन्य चुनावी कार्यों की जांच की और अधिकारियों को प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता व दस्तावेजों के सावधानीपूर्वक सत्यापन के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही एस.आई.आर. प्रक्रिया के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर विशेष कार्य अधिकारी (शहरी विकास) मिस हरशिता शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) कुलप्रीत सिंह, समूह एस.डी.एम., चुनाव तहसीलदार बरजिंदर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।दौरे के दौरान रोल ऑब्जर्वर द्वारा अन्य चुनावी कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ फॉर्म नंबर 6, 7 और 8 की विशेष रूप से जांच की गई। इन फॉर्मों के माध्यम से क्रमशः नया वोट बनवाने, मतदाता सूची से नाम हटाने और मतदाता के विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाते हैं।
उन्होंने इन आवेदनों की प्रक्रिया, जमा करवाए गए दस्तावेजों की जांच तथा नियमों के अनुसार की जा रही कार्रवाई का भी जायजा लिया। श्रीमती ऋतु अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करते हुए निर्देश दिए कि एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गलती की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि एस.आई.आर. का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन बनाना है।
इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो तथा मृतक, स्थान बदल चुके या नियमों के अनुसार अयोग्य मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दुरुस्त किया जाए। रोल ऑब्जर्वर ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों से संबंधित आवेदनों की जांच के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन पूरी सावधानी से किया जाए और योग्य मतदाताओं को मतदान के अधिकार से संबंधित सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने एस.आई.आर. से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरा करने पर भी जोर दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...