Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे के ओवरडोज ने ली एक और जान; कुछ दिन पहले ही नशा छुड़ाओ केंद्र से इलाज कराकर लौटा था युवक

October 4, 2026

नशे के ओवरडोज ने ली एक और जान; कुछ दिन पहले ही नशा छुड़ाओ केंद्र से इलाज कराकर लौटा था युवक

बठिंडा : स्थानीय बलराज नगर गली नंबर 1 के पास से गुजरती पटियाला रेलवे लाइन पर एक नवयुवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बॉबी शर्मा पुत्र भास्कर शर्मा निवासी दीप नगर, गली नंबर 5 के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम के विक्की कुमार और हरबंस सिंह मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के साथ दो अन्य युवक भी थे, जो घटना के बाद मौके से भाग निकले। मृतक युवक के बाजू पर खून के निशान थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बॉबी कुछ दिन पहले ही नशा छुड़ाओ केंद्र से 6 महीने का उपचार करवाकर अपने घर लौटा था। आरोप है कि कुछ युवक उसे अपने साथ ले गए और उसे नशे का सेवन करवा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले इस युवक के भाई की भी कुछ वर्ष पहले नशे के कारण ही मृत्यु हो चुकी थी। इस घटना से परिवार का आखिरी चिराग भी बुझ गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना जी.आर.पी. के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस कार्रवाई के बाद सहारा टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें