शिमलाः स्वर्गीय तुलसी राम, स्वर्गीय धर्म सिंह एवं स्वर्गीय राजू वर्मा मेमोरियल और खेल पर्यावरण एवं सांस्कृतिक संस्था की ओर से चार दिवसीय पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता चमियाना में रविवार को आयोजित की गई। इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। पंचायत स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी प्रतियगिताएं शामिल रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि स्थानीय स्तर पर यहां हर वर्ष विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को जागरूक करने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजकों एवं क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पंचायतों को अपनी उपलब्ध भूमि और संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर आय के स्थायी साधन विकसित करने चाहिए।कैबिनेट मंत्री ने खेल मैदान के संरक्षण और इसके बेहतर विकास पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारें और पंचायत प्रतिनिधि बदलते रहेंगे, लेकिन ऐसी सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखना आवश्यक है ताकि क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को लंबे समय तक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने खेल मैदान को विकसित करने के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि यहां खेल गतिविधियों के साथ-साथ आवश्यकता के अनुसार सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकें।
अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा
मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चमियाना को अगले शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई स्कूल के रूप में शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
पार्किंग एवं अन्य विकास कार्यों को मिलेगी गति
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पार्किंग सुविधा के विस्तार के लिए लगभग 12 से 15 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग परिसर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के चौक के विस्तार तथा लगभग 300 से 400 वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित करने के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके अतिरिक्त पीडब्ल्यूडी डिवीजन को यहां स्थानांतरित करने के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया एवं प्रस्ताव तैयार किए जा चुके हैं।

सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को संजोने का आह्वान
ग्रामीण विकास मंत्री ने युवाओं को खेल गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि मोबाइल, टेलीविजन और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण पारंपरिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियां धीरे-धीरे कम हो रही हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से जागरण सहित अन्य पारंपरिक आयोजनों की संस्कृति को संजोकर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर ही उनका समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मदन ठाकुर एवं सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र के विकास के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
कबड्डी के विजेता किए सम्मानित
मुख्यातिथि ने कबड्डी प्रतियोगिता में ऊना टीम विजेता को 70 हजार की इनाम राशि व ट्रॉफी और उपविजेता सिरमौर टीम को 31 हजार रुपए और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट विशाल भारद्वाज को भी सम्मानित किया गया।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी अंकित कोटिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक ठाकुर, एसएचओ ढली विवेक गौतम, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल, बीडीसी चेयरमैन तारा चंद ठाकुर, बीडीसी वाइस चेयरमैन मतेंद्र, बीडीसी सदस्य निशा ठाकुर, बीडीसी सदस्य राधा, बीडीसी सदस्य कुलदीप वर्मा, प्रधान मीना वर्मा, उप प्रधान चमियाना रतन सिंह, पार्षद नरेंद्र ठाकुर, पार्षद विशाखा मोदी, पूर्व पार्षद सतीश वर्मा, भूपेंद्र कंवर, मदन ठाकुर अध्यक्ष खेल पर्यावरण एवं सांस्कृतिक संस्था, दिवाकर शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर उप प्रधान, रमेश ठाकुर, रमेश चौहान अध्यक्ष टग ऑफ वॉर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...