Last Updated: October 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार कार पलटी, कई वाहन क्षतिग्रस्त

October 5, 2026

जालंधर में नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार कार पलटी, कई वाहन क्षतिग्रस्त

जालंधर: गुलाब देवी रोड स्थित रोज बाग कॉलोनी में शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे युवकों ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार हवा में उछलकर पलट गई। हादसे में किसी की जान नहीं गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शी नवीन सचदेवा ने बताया कि घरों के अंदर मौजूद लोगों ने अचानक तेज धमाके की आवाज सुनी। बाहर निकलने पर देखा कि तेज रफ्तार कार ने गली में खड़ी एक गाड़ी को टक्कर मार दी थी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई और दूसरी गाड़ी से भी जा टकराई। हादसे के समय कार में चार युवक सवार थे। इनमें से तीन मौके पर मौजूद रहे, जबकि एक युवक फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कार सवार युवक मॉडल हाउस और भार्गव कैंप क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एक दंपति ने आरोप लगाया कि युवक 12 फुटी रोड से उनका पीछा कर रहे थे और एक्टिवा के आगे कट मारकर वीडियो बना रहे थे।

सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-2 के एएसआई नरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार को सीधा करवाकर थाने भिजवाया। शुरुआती पूछताछ में युवकों ने दावा किया कि कोई उनका पीछा कर रहा था। पुलिस ने युवकों का मेडिकल परीक्षण करवाया है और प्रत्यक्षदर्शियों व पीड़ितों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

📍 Location: जालंधर गुलाब देवी रोड (जालंधर)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें