Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

500 ड्रोनों से आसमान में साकार हुआ गुरु रविदास जी का संदेश

October 6, 2026

500 ड्रोनों से आसमान में साकार हुआ गुरु रविदास जी का संदेश

Drone Show Depicts Guru Ravidas Ji’s Life and Teachings : अमृतसर। श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के विशेष आयोजनों के तहत बाबा बकाला साहिब में 500 ड्रोनों का भव्य शो आयोजित किया गया। आकाश में उभरे आकर्षक दृश्यों के जरिए संगत को गुरु रविदास जी के जीवन, वाणी और समानता के संदेश से परिचित करवाया गया।

इस अवसर पर बाबा बकाला साहिब के विधायक स. दलवीर सिंह टोंग, एसडीएम बाबा बकाला साहिब श्री जशनजीत सिंह, तहसीलदार बलजीत सिंह गुराया, नायब तहसीलदार रुस्तम कुमार, जग रूप सिंह आरसी तथा बाबा बकाला साहिब हलके से बड़ी संख्या में पहुंची संगत ने इस आकर्षक ड्रोन शो का श्रद्धापूर्वक आनंद लिया। इस अवसर पर विधायक स. दलवीर सिंह टोंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गुरु साहिब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए सभी वर्गों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है।

आईटीआई बाबा बकाला साहिब में रात के अंधेरे में आकाश में एक साथ उड़ते सैकड़ों ड्रोनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, विचारधारा और शिक्षाओं को दर्शाते हुए आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किए गए। शो की प्रस्तुति से प्रभावित संगत ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पंजाब स. भगवंत सिंह मान का धन्यवाद किया। विधायक स. टोंग ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की वाणी और शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाती हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी का दर्शन किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए समानता, स्वतंत्रता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का महान संदेश है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध आवाज बुलंद करते हुए यह संदेश दिया कि मनुष्य की महानता उसके जन्म या कुल में नहीं, बल्कि उसके अच्छे कर्मों, उच्च आचरण और मानवता के प्रति समर्पण में है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक वर्ष तक चलने वाले कार्यक्रमों के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का बजट रखा है।

उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिब के महान विचारों तथा मानवता की भलाई के लिए दिए गए संदेश को नई पीढ़ी तक आधुनिक और प्रभावशाली ढंग से पहुंचाना है। कार्यक्रम के दौरान पंथ प्रसिद्ध रागी जत्था भाई जसवीर सिंह जालंधर वाले तथा उनके साथियों ने श्री गुरु रविदास महाराज जी की इलाही वाणी का गायन किया। इन कार्यक्रमों की नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि 6 अक्टूबर की शाम नंगल पार्क, मेन रोड मजीठा में ड्रोन शो करवाया जाएगा।

7 अक्टूबर की शाम रणजीत एवेन्यू, अमृतसर के मैदान में अगला ड्रोन शो प्रस्तुत किया जाएगा। 8 अक्टूबर की शाम शहीद मेवा सिंह स्टेडियम, लोपोके में ड्रोन शो होगा, जबकि 9 अक्टूबर की शाम दविंद्रा इंटरनेशनल स्कूल, अजनाला के मैदान में ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील की कि वे इन ड्रोन शो कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश उत्सव को समर्पित इन विशेष कार्यक्रमों का हिस्सा बनें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें