Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में 14 अक्टूबर को बुजुर्गों के लिए विशेष कैंप, एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं

October 8, 2026

जालंधर में 14 अक्टूबर को बुजुर्गों के लिए विशेष कैंप, एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं

जालंधर: पंजाब सरकार की बुजुर्ग कल्याण से जुड़ी ‘‘साडे बुजुर्ग, साडा मान’ पहल के तहत 14 अक्टूबर को जिला स्तरीय विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। स्थानीय रेड क्रॉस भवन में होने वाले इस कैंप में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। कैंप की तैयारियों को लेकर एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनइंदर कौर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंप से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि बुजुर्गों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुफ्त स्वास्थ्य जांच के साथ कई सेवाएं

अधिकारियों के अनुसार कैंप में वरिष्ठ नागरिकों की मुफ्त मेडिकल जांच की जाएगी। इसके साथ ही उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभागीय काउंटर लगाए जाएंगे। कैंप में बुजुर्गों को पेंशन पंजीकरण और सीनियर सिटीजन कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके अलावा वित्तीय साक्षरता से जुड़ी जानकारी देकर उन्हें आर्थिक मामलों में जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

योग और कानूनी सेवाओं की भी मिलेगी जानकारी

वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैंप में मुफ्त योग प्रशिक्षण की सुविधा भी रखी जाएगी। वहीं, बुजुर्गों को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में जानकारी देने के लिए कानूनी सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि बुजुर्ग समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी सेहत, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

आगे ब्लॉक स्तर पर भी लगेंगे कैंप

अमनइंदर कौर ने बताया कि जिला स्तर के कैंप के बाद आने वाले समय में ब्लॉक स्तर पर भी इसी तरह के विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक वरिष्ठ नागरिकों तक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। बैठक में जिला सोशल सिक्योरिटी अधिकारी रविंदर सिंह, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सुरजीत लाल सहित स्वास्थ्य विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें