Last Updated: October 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की CBI जांच की मांग; भाजपा पठानकोट ने राज्यपाल के नाम सौंपा मांगपत्र

October 15, 2026

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की CBI जांच की मांग; भाजपा पठानकोट ने राज्यपाल के नाम सौंपा मांगपत्र

पठानकोट : मानसा में नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता सरदार परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में भारतीय जनता पार्टी जिला पठानकोट ने सीबीआई जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में भाजपा के जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा के नेतृत्व में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के नाम डिप्टी कमिश्नर पठानकोट डॉक्टर पल्लवी के माध्यम से मांगपत्र सौंपा गया। मांगपत्र में कहा गया है कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर 2026 को मानसा में गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशों के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

भाजपा ने इस मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच करवाने की मांग की है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके। भाजपा ने मांगपत्र में कहा कि मृतक के पिता के बयान में स्थानीय विधायक का नाम सामने आने और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से हमलावर द्वारा गोली चलाने से पहले किसी से फोन पर बात करने संबंधी दावों की भी जांच की जानी चाहिए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करते हुए सभी तथ्यों और संभावित पहलुओं की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

भाजपा जिला पठानकोट ने राज्यपाल से मांग की कि पंजाब सरकार को इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने के लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही घटना से संबंधित फोन कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सऐप डेटा, सीसीटीवी फुटेज, फेसबुक लाइवस्ट्रीम और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की गई। मांगपत्र में पीड़ित परिवार, विशेषकर मृतक के नाबालिग बच्चों को संभावित खतरे के मद्देनजर उचित पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की गई।

इसके अलावा पंजाब में नशा तस्करी से जुड़े कथित नेटवर्क, उसमें शामिल लोगों और उन्हें मिलने वाली संभावित राजनीतिक या अन्य सरपरस्ती की भी गहन जांच करवाने की अपील की गई। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने मांग की कि इस मामले में किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव या पक्षपात के बिना कार्रवाई होनी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। भाजपा ने कहा कि नशों के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

पार्टी ने राज्यपाल से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश जारी करने की अपील की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे। इस मौके पर भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक अश्वनी शर्मा, एसएसपी मनप्रीत सिंह, पूर्व विधायक दिनेश बब्बू ,भाजपा प्रदेश सचिव राकेश शर्मा, मीणा तरनाज, पूर्व विधायक सीमा कुमारी , पूर्व मेयर अनिल वासुदेव, जिला महामंत्री राज कुमार गुप्ता, दीपांशु घई, विक्की वर्मा आदि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें