
बरनाला: बरनाला के हंडियाया चौक पर उस समय तनावपूर्ण और अफरातफरी का माहौल बन गया, जब मानसा जाने की कोशिश कर रहे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान यूनियनों के काफिलों को पुलिस प्रशासन ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प, धक्का-मुक्की और आमना-सामना हुआ। भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के सदस्यों ने बैरिकेड्स तोडक़र अपना काफिला आगे बढ़ा दिया।
कांग्रेस नेता और पुलिस आमने-सामने
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी और बरनाला के विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों अपने समर्थकों के काफिले के साथ मानसा जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला हंडियाया चौक पर पहुंचा, पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बातचीत करते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पहले ही बिगड़ चुकी है और उसे सुधारने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवश्यकता है, लेकिन पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से जा रहे लोगों को रोककर माहौल खराब कर रहा है।
सुरक्षा के कड़े प्रबंध और निगरानी
हंडियाया चौक पर हुए इस हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मानसा जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। क्षेत्र में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस हर गतिविधि पर कड़ी नजर रख रही है।