Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

ग्वालियर सड़क हादसे में 12 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख… मुआवजा राशि का किया ऐलान

October 18, 2026

ग्वालियर सड़क हादसे में 12 की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख… मुआवजा राशि का किया ऐलान

नई दिल्ली/भोपाल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे में 12 लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ: नरेंद्र मोदी 

पीएमओ के ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से ​​2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक: मोहन यादव

उधर, राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में घोषणा की कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं। उन्होंने कहा, “मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें