Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

19 अक्टूबर से हिमाचल के नौ दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा

October 18, 2026

19 अक्टूबर से हिमाचल के नौ दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा 19 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक हिमाचल प्रदेश के नौ दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह शिमला, रामपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, पांगी और कुल्लू सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। उनका यह प्रवास विशेष रूप से प्रदेश के दुर्गम, सीमावर्ती एवं जनजातीय क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा तथा कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद पर केंद्रित रहेगा।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार श्रीकांत शर्मा 19 अक्टूबर को प्रातः 11:30 बजे शिमला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां दोपहर 3 बजे तक विभिन्न संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे। इसके पश्चात रामपुर के लिए रवाना होंगे, जहां शाम को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक वार्ता करेंगे।

  • 20 अक्टूबर को श्रीकांत शर्मा किन्नौर जिले के भावानगर पहुंचेंगे। यहां प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निचार मंडल की संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद कल्पा के लिए प्रस्थान करेंगे।

  • 21 अक्टूबर को किन्नौर जिले के रिकांगपिओ में प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक कल्पा एवं सांगला मंडलों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी। इसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे स्पीलो में मूरंग मंडल की बैठक में भाग लेंगे और शाम को पूह पहुंचेंगे।

  • 22 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे नाको में पूह मंडल की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद श्रीकांत शर्मा लाहौल-स्पीति जिले के काजा के लिए रवाना होंगे।

  • 23 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे काजा में स्पीति मंडल की बैठक में भाग लेंगे तथा इसके पश्चात केलांग पहुंचेंगे।

  • 24 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे केलांग मंडल की संगठनात्मक बैठक आयोजित होगी। इसके उपरांत दोपहर 2:30 बजे उदयपुर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

  • 25 अक्टूबर को चंबा जिले के दुर्गम पांगी क्षेत्र में दोपहर 12:30 बजे पांगी मंडल की बैठक में भाग लेंगे।

  • 26 अक्टूबर को श्रीकांत शर्मा पांगी से मनाली पहुंचेंगे।

  • 27 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे कुल्लू में जिला कुल्लू की पिछली तीन कार्यसमितियों के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक में भाग लेंगे।

इस व्यापक संगठनात्मक प्रवास का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित करना, मंडल स्तर की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना तथा पार्टी की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में संवाद को मजबूत करना है।

विशेष रूप से किन्नौर, लाहौल-स्पीति और पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में प्रदेश प्रभारी का प्रवास संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन बैठकों के माध्यम से स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी बात प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। भाजपा संगठन का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र, प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बना रहे तथा संगठन की सक्रियता और समन्वय को नई मजबूती मिले।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें