Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशा मुक्ति मोर्चा के 33 नेताओं के इस्तीफे पर भाजपा ने घेरा ‘आप’

October 18, 2026

नशा मुक्ति मोर्चा के 33 नेताओं के इस्तीफे पर भाजपा ने घेरा ‘आप’

BJP Targets AAP Over Resignation of 33 Anti-Drug Front Leaders : जालंधर। पंजाब में नशे के मुद्दे पर भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने दावा किया कि शुतराणा विधानसभा क्षेत्र में नशा मुक्ति मोर्चा से जुड़े 33 नेताओं के इस्तीफे ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने नशे पर अंकुश लगाने में विफलता के आरोप लगाते हुए परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग भी दोहराई।

उन्होंने कहा कि शुतराणा विधानसभा क्षेत्र में नशा मुक्ति मोर्चा से जुड़े 33 प्रमुख नेताओं का इस्तीफा देना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। खन्ना ने कहा कि सरकार ने नशे के खिलाफ नशा मुक्ति मोर्चा को अपना सबसे बड़ा हथियार बताया था, लेकिन आज उसी मोर्चे के पदाधिकारी और कार्यकर्ता निराश होकर अपने पद छोड़ रहे हैं। यह सरकार के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी का पतन शुरू हो चुका है और उसके नेता डूबते जहाज को छोड़कर जाने लगे हैं।

उन्होंने कहा कि शुतराणा में जिला अध्यक्ष रणजीत सिंह विक्की, ब्लॉक अध्यक्ष के.पी. शर्मा, घग्गा ब्लॉक अध्यक्ष शक्ति गोयल, हरियाऊ ब्लॉक अध्यक्ष अमरिंदर सिंह और समन्वयक नंद लाल घग्गा सहित 25 ब्लॉक अध्यक्षों समेत कुल 33 नेताओं ने इस्तीफे की घोषणा की है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने राज्य सरकार पर नशे के कारोबार को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया है। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड पर खन्ना ने कहा कि भाजपा न्याय की लड़ाई को कमजोर नहीं पड़ने देगी।

उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें