Last Updated: October 26, 2026

Dainik Savera Times Logo

पड़ेची में कमरे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

October 26, 2026

पड़ेची में कमरे से 16 ग्राम चिट्टा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

शिमला: राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पड़ेची क्षेत्र में एक आवासीय कमरे में दबिश देकर करीब 16 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिषेक ठाकुर पुत्र ध्यान सिंह ठाकुर, निवासी पड़ेची, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम को पड़ेची क्षेत्र में नशीले पदार्थ की मौजूदगी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित आवासीय कमरे की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी के ऊपरी खाने में दो डिब्बों के पीछे छिपाकर रखा गया एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच मिला। जांच करने पर पाउच में करीब 16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस थाना सदर शिमला में 25 अक्टूबर 2026 को अभियोग संख्या 140/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास नशीला पदार्थ कहां से आया था और क्या इस मामले में नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भी संलिप्तता है।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें