Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ganesh Acharya बने गीतकार, फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के गाने ‘कर मेहनत’ को सोनू निगम ने दी आवाज

October 27, 2026

Ganesh Acharya बने गीतकार, फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के गाने ‘कर मेहनत’ को सोनू निगम ने दी आवाज

एंटरटेनमेंट डेस्क : अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का ट्रेलर पेश करने के बाद, गणेश आचार्य दर्शकों के लिए एक और सरप्राइज लेकर आए हैं। मशहूर कोरियोग्राफर, अभिनेता और फिल्ममेकर बन चुके गणेश आचार्य, फिलहाल मोटिवेशनल गीत कर मेहनत’ के साथ अब गीतकार के रूप में अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं। उन्होंने अपनी ही निर्देशित फिल्म के प्रेरणादायक गाने ‘कर मेहनत’ के बोल लिखे हैं, जिसे आवाज़ दिग्गज गायक सोनू निगम ने दी है।

मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन के सशक्त संदेश पर आधारित गीत ‘कर मेहनत’ जीवन में आने वाली तमाम चुनौतियों के बावजूद हार न मानने के जज़्बे का जश्न मनाती है। रोजमर्रा के संघर्षों, महत्वाकांक्षाओं और आगे बढ़ते रहने के साहस को बयां करते इसके बोल हर उम्र के श्रोताओं के दिलों को छूने का प्रयास करती है।

फिलहाल इस गाने को खास बनाती है गणेश आचार्य की एक नए रचनात्मक क्षेत्र में कदम रखने की पहल। जहां दशकों से अपनी कोरियोग्राफी और अभिनय के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाले गणेश आचार्य ने अब शब्दों के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है, वहीं, सोनू निगम की दिल को छू लेने वाली और दमदार आवाज़ ने इन भावनाओं को जीवंत बना दिया है।

गाने को लिखने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए गणेश आचार्य कहते हैं, “’कर मेहनत’ मेरे लिए बेहद खास गाना है, क्योंकि पहली बार मैंने अपनी ही फिल्म के किसी गाने के बोल लिखे हैं। मैं हमेशा से मानता आया हूं कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप चाहे कोई भी हों या कहीं से भी आते हों, हर किसी के अपने सपने होते हैं और हर किसी को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यह गाना उन सभी लोगों के लिए है, जो जिंदगी में कुछ हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि लोग इसकी भावनाओं और संदेश से जुड़ाव महसूस करेंगे, क्योंकि किसी न किसी रूप में यह हम सभी के अनुभवों को दर्शाता है। मेरे लिखे बोलों को सोनू निगम की आवाज़ मिलना इसे मेरे लिए और भी खास बना देता है।”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Zee Music Company (@zeemusiccompany)

गाने के बारे में अपने विचार साझा करते हुए सोनू निगम कहते हैं, “’कर मेहनत’ एक खूबसूरत और सार्थक संदेश देने वाला गाना है। मेहनत, धैर्य और लगन ऐसी भावनाएं हैं, जिनसे हर कोई जुड़ सकता है, फिर चाहे उसका पेशा या पृष्ठभूमि कुछ भी हो। मुझे इस गाने की सबसे खास बात इसके बोलों की सच्चाई लगी। गणेश जी ने एक बेहद सरल, लेकिन प्रभावशाली बात को खूबसूरती से व्यक्त किया है और मेरा मानना है कि यही बात श्रोताओं के दिलों तक पहुंचेगी। मुझे ऐसे गाने का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है, जो लोगों को खुद पर और अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है।”

अपने जुड़ाव पैदा करने वाले बोलों, सकारात्मक संदेश और सोनू निगम की विशिष्ट आवाज़ के साथ ‘कर मेहनत’ सिर्फ एक फिल्मी गाना बनकर नहीं, बल्कि उससे कहीं बढ़कर सामने आने का वादा करता है। यह गीत याद दिलाता है कि सफलता हासिल करने में समय लग सकता है, लेकिन दृढ़ संकल्प और लगातार की गई मेहनत बदलाव ला सकती है। यह गाना ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ में एक नया भावनात्मक आयाम जोड़ने के साथ-साथ गणेश आचार्य के रचनात्मक व्यक्तित्व के एक नए पहलू को भी सामने लाता है।

वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं, जबकि फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश आचार्य ने संभाली है। फिल्म की पटकथा और संवाद दिगांगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है, जबकि इसके गीतों के बोल समीर अंजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत ज़ी म्यूजिक पर उपलब्ध होगा। सिनेमैटोग्राफी अजय पांडे ने संभाली है, वहीं एडिटिंग राकेश राम ने की है। फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन रेड अमाइस के अमरीश यामानप्पा पटंगे और दया वन्नियार ने संभाला है। फिल्म की कोरियोग्राफी गणेश आचार्य और उनकी टीम ने की है।

‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ 11 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें