Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 257 ग्राम चिट्टा बरामद, बड़े नशा सप्लायरों पर पुलिस की नजर

October 27, 2026

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 257 ग्राम चिट्टा बरामद, बड़े नशा सप्लायरों पर पुलिस की नजर

शिमला: प्रदेश में पुलिस नशे के बड़े सप्लायरों की पहचान कर उन पर लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस की रणनीति अब नशे की छोटी खेपों के साथ-साथ बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करने पर केंद्रित है।

इसी अभियान के तहत स्पेशल सेल शिमला की टीम काफी समय से एक संदिग्ध सप्लायर पर नजर रख रही थी और उसे पकड़ने के लिए प्रयासरत थी। आखिरकार, शोघी के नजदीक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टैक्सी को चेकिंग के लिए रोका और तलाशी में आरोपी रेशम सिंह (34), निवासी अमृतसर, पंजाब के कब्जे से लगभग 257 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की सप्लाई शिमला में करने के प्रयास में था। बरामदगी वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती है और इस वर्ष की प्रमुख बरामदगियों में से एक है।

इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 230/2026, दिनांक 27.10.2026, धारा 21 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

शिमला पुलिस ने इस वर्ष अपनी रणनीति के तहत नशे के बड़े सप्लायरों और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई तेज की है। इस वर्ष अब तक लगभग 5.5 किलोग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक है। इसमें लगभग 1.120 किलोग्राम हेरोइन की एक बड़ी बरामदगी भी शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त, लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की वाणिज्यिक मात्रा में LSD, 16.5 किलोग्राम चरस, 14 किलोग्राम अफीम और 6 किलोग्राम पॉपी हस्क बरामद की गई है। साथ ही, भांग और अफीम की अवैध खेती के 10 लाख से अधिक पौधों को नष्ट किया गया है।

शिमला पुलिस नशे के बड़े सप्लायरों, उनके नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। पुलिस का उद्देश्य नशे की सप्लाई चेन को तोड़ना, नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें